Video: ये शख्स बांट रहा मुफ्त पेट्रोल! पंप पर उमड़ी भीड़, वीडियो ने मचाया तहलका

सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें एक शख्स डिलीवरी बॉयज को मुफ्त पेट्रोल बांटता दिख रहा है, जिससे पंप पर भीड़ लग गई और बहस छिड़ गई।

Video: ये शख्स बांट रहा मुफ्त पेट्रोल! पंप पर उमड़ी भीड़, वीडियो ने मचाया तहलका

डिलीवरी बॉयज को फ्री पेट्रोल बांटने का वीडियो वायरल
पेट्रोल पंप पर लगी भीड़, सोशल मीडिया पर मचा हंगामा
नियमों पर उठे सवाल, लोग बोले मदद या दिखावा


नई दिल्ली/हैदराबाद: मिडिल ईस्ट संकट के चलते बढ़ती पेट्रोल-डीजल कीमतों के बीच सोशल मीडिया पर एक हैरान करने वाला वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक शख्स पेट्रोल पंप पर खड़े होकर फूड डिलीवरी करने वाले युवकों को मुफ्त पेट्रोल बांटता नजर आ रहा है। दावा किया जा रहा है कि यह सुविधा खासतौर पर Swiggy और Zomato से जुड़े डिलीवरी एजेंट्स के लिए दी जा रही थी।

वीडियो के मुताबिक, जैसे ही यह खबर फैली कि डिलीवरी बॉयज को फ्री पेट्रोल दिया जा रहा है, पेट्रोल पंप पर देखते ही देखते भारी भीड़ जुट गई। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति डिलीवरी एजेंट्स को बुलाकर उन्हें बोतलों में पेट्रोल दे रहा है। इस दौरान आसपास मौजूद लोग भी इस पूरे घटनाक्रम को हैरानी से देखते नजर आए। किसी ने इस वाकये का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया और चर्चा का विषय बन गया।

बताया जा रहा है कि यह वीडियो हैदराबाद का हो सकता है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि आखिर पेट्रोल मुफ्त में बांटने के पीछे उस व्यक्ति की मंशा क्या थी। कुछ लोग इसे जरूरतमंद डिलीवरी बॉयज की मदद के रूप में देख रहे हैं, तो वहीं कई लोग इसे नियमों के उल्लंघन और संभावित खतरे के रूप में भी देख रहे हैं।

सोशल मीडिया पर यूजर्स के बीच इस वीडियो को लेकर तीखी बहस छिड़ गई है। कुछ लोगों ने इसे महंगाई के दौर में “महापुण्य” का काम बताया है, जबकि अन्य यूजर्स ने सवाल उठाया है कि पेट्रोल पंप के नियमों के अनुसार वाहन के अलावा किसी अन्य कंटेनर में पेट्रोल देना प्रतिबंधित होता है। कई यूजर्स ने यह भी कहा कि इस तरह की गतिविधि सुरक्षा के लिहाज से भी खतरनाक हो सकती है।

कुछ यूजर्स ने इसे प्रचार या पब्लिसिटी स्टंट तक करार दिया, तो वहीं कुछ ने इसे “आपदा में अवसर” की तरह देखा। फिलहाल यह वीडियो इंटरनेट पर तेजी से फैल रहा है, लेकिन इसके पीछे की सच्चाई और उद्देश्य अभी भी स्पष्ट नहीं हो पाया है।