फास्‍ट फूड़ खाने गए थे दोनों , कहासुनी हुई और दोस्‍त ने ले ली दोस्‍त की जान

फास्ट-फूड खाने के दौरान हुए विवाद में 12 वर्षीय बालक की हत्या कर दी गई। पुलिस ने जुवेनाइल के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

फास्‍ट फूड़ खाने गए थे दोनों , कहासुनी हुई और दोस्‍त ने ले ली दोस्‍त की जान

फतेहाबाद के बादलगढ़ गांव में मामूली विवाद ने ली 12 वर्षीय बालक की जान

पड़ोसी किशोर पर नुकीली वस्तु से हमला करने का आरोप, पुलिस ने केस दर्ज किया

पोस्टमार्टम के बाद आगे की कार्रवाई, घटना के सभी पहलुओं की जांच जारी


फतेहाबाद जिले के रतिया क्षेत्र के बादलगढ़ गांव में एक मामूली विवाद ने दर्दनाक मोड़ ले लिया। 12 वर्षीय अरमान की कथित तौर पर उसके 13 वर्षीय पड़ोसी किशोर ने नुकीली वस्तु से हमला कर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि दोनों गांव के चौक में फास्ट-फूड खाने गए थे, जहां किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपी किशोर ने अरमान की छाती पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, कुलविंदर सिंह का पुत्र अरमान गुरुवार रात अपने पड़ोसी किशोर के साथ गांव के चौक में फास्ट-फूड खाने गया था। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि गुस्से में आए किशोर ने नुकीली वस्तु से अरमान पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बालक को बचाया नहीं जा सका।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव को कब्जे में लेकर रतिया के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक और आरोपी एक-दूसरे के पड़ोसी थे।

रतिया सदर थाना प्रभारी शीशपाल सिंह ने बताया कि आरोपी किशोर (जुवेनाइल) के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।