कचरा गाड़ी की चपेट में आया मासूम, डेढ़ वर्षीय बच्चे की मौ*त
फतेहाबाद के भूना में नगरपालिका की कचरा कलेक्शन गाड़ी की चपेट में आने से डेढ़ वर्षीय मासूम अंश की मौत हो गई। परिजनों ने चालक पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।
कचरा कलेक्शन गाड़ी की चपेट में आने से डेढ़ वर्षीय मासूम की मौत
बैक करते समय ड्राइवर ने नहीं दिया ध्यान, परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
अस्पताल ले जाते समय मासूम ने रास्ते में तोड़ा दम
फतेहाबाद जिले के भूना शहर में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। वार्ड नंबर-9 में नगरपालिका की डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन गाड़ी की चपेट में आने से डेढ़ वर्षीय मासूम बच्चे की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया है।
जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर-9 निवासी प्रदीप कुमार के परिवार में तीन वर्षीय बेटी और डेढ़ वर्षीय बेटा अंश है। बुधवार को नगरपालिका की कचरा संग्रहण गाड़ी गली में घर-घर से कचरा एकत्र करने पहुंची थी। कचरा लेने के बाद चालक गाड़ी को मोड़ने के लिए पीछे की ओर बैक कर रहा था।
इसी दौरान घर के बाहर मौजूद मासूम अंश गाड़ी के नीचे आ गया। आसपास मौजूद लोगों और परिजनों को जैसे ही हादसे का पता चला तो मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल बच्चे को तत्काल उसी गाड़ी में भूना के अस्पताल ले जाया गया। वहां से उसे एम्बुलेंस के जरिए हिसार रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही मासूम ने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। हादसे के बाद पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है और परिजन गहरे सदमे में हैं।
मृतक बच्चे की दादी धूपा देवी ने आरोप लगाया कि जब चालक गाड़ी को पीछे कर रहा था, तब वे लगातार उसे आवाज लगाते रहे, लेकिन उसने उनकी एक नहीं सुनी। उनका कहना है कि यदि चालक सतर्कता बरतता तो यह हादसा टाला जा सकता था।
पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। वहीं हादसे के बाद नगरपालिका की कार्यप्रणाली और सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
pooja