Boy Friend के साथ मिलकर पति की हत्या, रेल ट्रैक पर फेंका शव, पचास दिन बाद ऐसे खुली परतें
फरीदाबाद में पत्नी और प्रेमी ने मिलकर पति की हत्या कर शव रेलवे ट्रैक पर फेंका। 50 दिन बाद भाई की शिकायत से खुला पूरा मामला।
➤ पत्नी और प्रेमी ने मिलकर पति की हत्या की, हादसे का रूप देने की कोशिश
➤ शव की पहचान न होने पर पुलिस ने कर दिया था अंतिम संस्कार
➤ 50 दिन बाद भाई की शिकायत से खुला पूरा मामला
हरियाणा के फरीदाबाद जिले में एक चौंकाने वाला हत्या मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की हत्या कर दी और पुलिस को गुमराह करने के लिए शव को रेलवे ट्रैक पर डाल दिया। शुरुआत में पुलिस ने इसे ट्रेन हादसा मान लिया था, लेकिन करीब 50 दिन बाद एक छोटी सी चूक ने पूरे मामले से पर्दा उठा दिया।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान सुमन के रूप में हुई है। 1 दिसंबर 2025 को मेवला महाराजपुर गांव के पास रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला था। पहचान न हो पाने के कारण पुलिस ने नियमानुसार अंतिम संस्कार कर दिया था, हालांकि शव से जुड़े कपड़े और फोटो सुरक्षित रखे गए थे।
50 दिन बाद भाई की शिकायत से खुली परतें
18 जनवरी 2026 को सुमन के भाई ने सूरजकुंड थाना पहुंचकर उसके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान जब पुलिस ने पहले मिले अज्ञात शव के फोटो और कपड़े दिखाए, तो भाई ने उनकी पहचान सुमन के रूप में कर ली। इसके बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की।
पत्नी पर गया शक, पूछताछ में कबूलनामा
जांच में सामने आया कि सुमन के लापता होने के बाद उसकी पत्नी अंजनी अचानक अपने मायके चली गई थी। इसी आधार पर पुलिस को उस पर शक हुआ। पूछताछ के दौरान अंजनी ने अपने प्रेमी रिआउल के साथ मिलकर हत्या की साजिश रचने की बात स्वीकार कर ली।
एक ही कंपनी में काम, वहीं से शुरू हुआ प्रेम प्रसंग
पुलिस ने बताया कि अंजनी और रिआउल एक ही कंपनी में काम करते थे और वहीं से दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। सुमन को जब इस रिश्ते की जानकारी हुई तो वह इसका विरोध करने लगा। इसी के बाद दोनों ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
हादसे का रूप देने की साजिश
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि सुमन को बहाने से बुलाया गया, शराब पिलाई गई और फिर उसकी हत्या कर दी गई। सबूत मिटाने के लिए शव को रेलवे ट्रैक पर डाल दिया गया ताकि मामला दुर्घटना लगे।
फिलहाल पुलिस ने मृतक की पत्नी अंजनी और उसके प्रेमी रिआउल को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया गया है और मामले की आगे जांच जारी है।
Akhil Mahajan