Video: नर्सिंग होम निर्माण के दौरान इमारत गिरी, वीडियो वायरल, लोग बाल-बाल बचे

फरीदाबाद के सीकरी में निर्माणाधीन तीन मंजिला बिल्डिंग बेसमेंट में पानी भरने से ढह गई। झुकाव दिखते ही लोग दूर हट गए। हादसे में कोई घायल नहीं हुआ, दुकानों को नुकसान पहुंचा।

Video: नर्सिंग होम निर्माण के दौरान इमारत गिरी, वीडियो वायरल, लोग बाल-बाल बचे

  • फरीदाबाद के सीकरी में निर्माणाधीन तीन मंजिला बिल्डिंग अचानक ढही

  • झुकाव दिखते ही लोग दूर हटे, अंदर कोई मौजूद न होने से बड़ा हादसा टला

  • बेसमेंट में पानी भरने से कमजोर हुई नींव, कई दुकानों को नुकसान



फरीदाबाद के सीकरी गांव स्थित हरपाल रोड पर शनिवार सुबह बड़ा हादसा उस समय टल गया जब निर्माणाधीन तीन मंजिला बिल्डिंग अचानक भरभराकर गिर गई। बिल्डिंग गिरने से कुछ देर पहले इसका एक ओर झुकाव साफ दिखाई देने लगा था। लोगों ने स्थिति को देखते हुए तुरंत दूरी बना ली, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया।

घटना के समय बिल्डिंग के अंदर कोई भी मजदूर या स्टाफ मौजूद नहीं था। झुकाव के बाद इमारत कुछ ही मिनटों में जमींदोज हो गई। गिरते समय तेज धमाका हुआ और आसपास धुएं व धूल का गुबार फैल गया। आवाज सुनकर लोग इधर-उधर दौड़ पड़े।

बिल्डिंग को बनवा रहे मालिक डॉ राधा रमन ने बताया कि यहां जमीन में पानी काफी ऊपर है। कुछ फीट खोदने पर ही पानी निकल आता है। जिस कारण बेसमेंट में पानी जमा हो रहा था।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में यह स्पष्ट हो गया कि बिल्डिंग के अंदर कोई भी फंसा नहीं है। सीकरी थाना प्रभारी प्रदीप ने बताया कि हादसे में किसी प्रकार की जानमाल की हानि नहीं हुई, लेकिन आसपास की कुछ दुकानों को नुकसान जरूर हुआ है।

यह बिल्डिंग भावना नर्सिंग होम के नाम से बनाई जा रही थी, जिसे बल्लभगढ़ के डॉ. राधा रमन बनवा रहे थे। स्थानीय लोगों के अनुसार, बिल्डिंग का निर्माण कार्य जारी था और शनिवार सुबह करीब 10 बजे के बाद अचानक झुकाव होना शुरू हुआ। कुछ ही समय बाद पूरी इमारत धराशायी हो गई।

डॉ. राधा रमन ने बताया कि इस क्षेत्र में जमीन के नीचे पानी का स्तर बहुत ऊंचा है। कुछ फीट खुदाई में ही पानी निकल आता है। इसी कारण बेसमेंट में लगातार पानी जमा हो रहा था। पानी भरने से नींव कमजोर हो गई और बिल्डिंग गिर गई।

हालांकि किसी की जान नहीं गई है, लेकिन हादसे ने निर्माण गुणवत्ता, तकनीकी निगरानी और सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।