जम्मू में दर्दनाक हादसा, हरियाणा के 3 दोस्तों की मौत
जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर नगरोटा के पास हुए सड़क हादसे में फरीदाबाद के तीन दोस्तों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
- जम्मू-कश्मीर में सड़क हादसे में फरीदाबाद के 3 दोस्तों की मौत
- नगरोटा के पास बस और कार की टक्कर में 2 युवक गंभीर घायल
- जम्मू घूमने निकले पांच दोस्तों का सफर मातम में बदला
हरियाणा के फरीदाबाद जिले से जम्मू-कश्मीर घूमने निकले पांच दोस्तों का सफर दर्दनाक हादसे में बदल गया। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर नगरोटा के पास रविवार तड़के उनकी कार और एक बस के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसा इतना भयावह था कि तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतकों की पहचान शक्ति सिंह चौधरी, मोहित वर्मा और सिकंदर सैफी के रूप में हुई है। वहीं घायल दीपक वर्मा और कुलदीप शर्मा का अस्पताल में उपचार चल रहा है। हादसे की सूचना मिलने के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस ने परिजनों को फोन पर जानकारी दी, जिसके बाद परिवारों में कोहराम मच गया।
हादसे में जान गंवाने वाले मोहित वर्मा अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। उनकी दो बहनें हैं और वह अपने पिता के साथ ज्वेलरी कारोबार संभालते थे। बेटे की मौत की खबर सुनते ही पिता सुनील वर्मा बेसुध हो गए। परिवार और रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक शक्ति सिंह चौधरी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के हापुड़ के रहने वाले थे। वह बल्लभगढ़ की भूदत्त कॉलोनी में किराए पर रहते थे। बताया जा रहा है कि वह दुबई में नौकरी करते थे और कुछ समय पहले ही भारत लौटे थे। वापस आने के बाद उन्होंने बिजली के सामान का कारोबार शुरू किया था।
वहीं सिकंदर सैफी बाइपास क्षेत्र में कार मैकेनिक का काम करते थे। उनके पिता बसीर मेहनत-मजदूरी और लकड़ी के काम से परिवार का पालन-पोषण करते हैं। हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
जानकारी के अनुसार पांचों दोस्त कार से जम्मू-कश्मीर घूमने के लिए निकले थे। नगरोटा के पास उनकी कार की सामने से आ रही बस से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरे युवक ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। वहीं तीन युवकों की एक साथ मौत से भूदत्त कॉलोनी में शोक की लहर फैल गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार सभी युवक मिलनसार स्वभाव के थे और इलाके में उनकी अच्छी पहचान थी। पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल है।
Akhil Mahajan