फरीदाबाद के सरकारी स्कूल में शिक्षक की बर्बरता नौवीं के छात्र को पैरों के तलवों पर डंडे

फरीदाबाद के सारन गांव के सरकारी स्कूल में शिक्षक ने नौवीं कक्षा के छात्र को बेरहमी से पीटा। पैरों के तलवों पर डंडे मारने का वीडियो वायरल।

फरीदाबाद के सरकारी स्कूल में शिक्षक की बर्बरता  नौवीं के छात्र को पैरों के तलवों पर डंडे

फरीदाबाद में शिक्षक की बर्बरता, नौवीं के छात्र को पैरों के तलवों पर डंडे, वीडियो वायरल

सरकारी स्कूल में शिक्षक ने छात्र को दिया अमानवीय शारीरिक दंड
पैरों के तलवों पर डंडे मारते वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
पुलिस, शिक्षा विभाग और CWC हरकत में, जांच शुरू



फरीदाबाद के गांव सारन स्थित सरकारी स्कूल में शिक्षक द्वारा नौवीं कक्षा के छात्र की बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा व्यवस्था और स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। वायरल वीडियो में एक शिक्षक छात्र के पैरों के तलवों पर डंडे मारता दिखाई दे रहा है, जबकि छात्र दर्द से चीखता और तड़पता नजर आ रहा है।

जानकारी के अनुसार, छात्र एक दिन स्कूल से बंक मार गया था। मंगलवार को जब वह स्कूल पहुंचा, तो कक्षा में शिक्षक ने अन्य छात्रों से उसे पकड़वाया और फिर सबके सामने उसके पैरों के तलवों पर डंडे बरसाए। इस दौरान कक्षा में मौजूद एक छात्र ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

पिटाई के बाद छात्र दहशत में है और घटना के बाद से स्कूल नहीं जा रहा है। छात्र के पिता राम चंद्र ने बताया कि शिक्षक ने पहले फोन कर बच्चे के स्कूल बंक करने की शिकायत की थी। परिजनों ने शिक्षक से कहा था कि वे बच्चे को समझा देंगे, लेकिन वीडियो देखने के बाद वे आहत और आक्रोशित हैं।

वायरल वीडियो को देखते हुए सारन थाना प्रभारी ब्रह्म प्रकाश ने तत्काल संज्ञान लिया। प्रारंभिक जांच में वीडियो गांव सारन के सरकारी स्कूल का ही पाया गया है। पुलिस ने मामले की जानकारी चाइल्ड वेलफेयर कमेटी को दे दी है और स्कूल की प्रधानाचार्य से जवाब तलब किया गया है।

मामले के तूल पकड़ने के बाद पुलिस और शिक्षा विभाग हरकत में आ गया। बुधवार सुबह थाना प्रभारी स्वयं स्कूल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पीड़ित छात्र, आरोपी शिक्षक नरेंद्र राठी, अभिभावकों और अन्य छात्रों को पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया है।

स्कूल की प्रधानाचार्य अलका ने स्वीकार किया कि छात्र अक्सर स्कूल बंक करता था, लेकिन इस तरह की पिटाई पूरी तरह गलत है और इसके लिए स्कूल प्रशासन शर्मिंदा है। वहीं जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. अंशु सिंगला ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।