नशे में धुत्‍त कार चालक ने मारी टक्‍कर, पानीपत के युवक की मौत, पिता के सामने टूटी सांस

फरीदाबाद में तेज रफ्तार और नशे में ड्राइविंग के कारण पानीपत के युवक की मौत हो गई। शादी से लौटते वक्त हादसा हुआ, पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।

नशे में धुत्‍त कार चालक ने मारी टक्‍कर,  पानीपत के युवक की मौत, पिता के सामने टूटी सांस

पानीपत के युवक की फरीदाबाद में सड़क हादसे में मौत
शराब के नशे में तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर
पिता की आंखों के सामने बेटे ने तोड़ा दम


हरियाणा के फरीदाबाद में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पानीपत के एक परिवार की खुशियां छीन लीं। शादी समारोह से लौट रहे परिवार के साथ यह हादसा हुआ, जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना ने इलाके में गहरा शोक और आक्रोश पैदा कर दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पानीपत निवासी विनोद कुमार अपनी पत्नी पदमा अरोड़ा और बेटे धीरज अरोड़ा के साथ 18 अप्रैल 2026 को फरीदाबाद के सेक्टर-11 स्थित मिलन वाटिका में एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। रात करीब 11 बजे वे अपनी कार Kia (HR26EZ2146) से वापस पानीपत लौट रहे थे।

जब परिवार सेक्टर-8 बाईपास से मुंबई एक्सप्रेसवे की ओर जाने वाली सड़क पर पहुंचा और करीब 3 किलोमीटर आगे बढ़े, तो उन्हें गाड़ी के पिछले टायर में पंचर होने का शक हुआ। बेटे धीरज ने गाड़ी को सड़क किनारे खड़ा किया और पार्किंग लाइट ऑन कर टायर चेक करने के लिए नीचे उतर गया।

इसी दौरान पीछे से एक तेज रफ्तार कार ने आकर उनकी गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि धीरज अरोड़ा गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर मारने वाली कार HR66C9179 थी और चालक का नाम नवीन बताया गया, जो कथित तौर पर शराब के नशे में था।

घटना के तुरंत बाद परिवार और राहगीरों की मदद से घायल धीरज को अमृता अस्पताल, फरीदाबाद ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस दर्दनाक घटना में पिता के सामने ही बेटे की मौत हो गई, जिससे परिवार पूरी तरह टूट गया है।

पीड़ित पिता विनोद कुमार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए धारा 281 और 106(1) BNS के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार सूचना मिलने पर टीम तुरंत अस्पताल पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए BKH अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। मामले की जांच थाना सेंट्रल फरीदाबाद के अधिकारियों द्वारा की जा रही है।

यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और नशे में ड्राइविंग के खतरनाक परिणामों को उजागर करता है। एक परिवार की खुशियां कुछ ही पलों में मातम में बदल गईं।