अंधेरगर्दी: हरियाणा में पुलिस के सामने कारोबारी की बेरहमी से ले ली जान

फरीदाबाद में पुलिस के सामने पनीर विक्रेता प्रवीन चौधरी की चाकू से हत्या, आरोपी राजा गिरफ्तार, घटना CCTV में कैद।

अंधेरगर्दी: हरियाणा में पुलिस के सामने कारोबारी की बेरहमी से ले ली जान

फरीदाबाद में पुलिस के सामने पनीर विक्रेता की चाकू मारकर हत्या
20 साल से दुकान चला रहे प्रवीन की मौत, आरोपी मौके से भागे
CCTV में कैद हुई पूरी घटना, पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया


 हरियाणा के फरीदाबाद में ओल्ड फरीदाबाद के बसेलवा कॉलोनी स्थित पनीर दुकान के मालिक प्रवीन चौधरी की पुलिस के सामने ही चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वारदात गुरुवार देर रात करीब 11 बजे हुई। प्रवीन अपने नौकर के साथ दुकान बंद करके घर लौट रहे थे। रास्ते में उनकी बाइक वहां खड़े आरोपी राजा से टच हो गई, जिससे विवाद शुरू हुआ।

पुलिस के सामने प्रवीन पर हमला करते युवक।

शुरुआती बहस जल्दी ही मारपीट में बदल गई। लड़ाई की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस की मौजूदगी में ही आरोपियों ने हमला कर दिया। आरोपी में से एक ने प्रवीन के पेट में नुकीले हथियार से वार किया। गंभीर स्थिति में प्रवीन को तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

वारदात के CCTV फुटेज में घटना पूरी तरह कैद हो गई है। फुटेज में प्रवीन सहित कुछ युवक आपस में झगड़ते हुए नजर आ रहे हैं। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी राजा को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, उस पर पहले भी कई मामले दर्ज हैं और वह मई माह में जेल से बाहर आया था।


प्रवीन चौधरी गांव मवाई का रहने वाला था और पिछले 20 वर्षों से पनीर की थोक बिक्री का व्यवसाय चला रहा था। स्थानीय लोगों ने बताया कि वह शांत और सरल स्वभाव का व्यक्ति था, जो घर और दुकान तक ही सीमित रहता था। प्रवीन अपनी पत्नी सुरेखा, बेटी दिशा और बेटे कुनाल के साथ रहता था। वह जिम जाने और स्वास्थ्य का ध्यान रखने वाले व्यक्ति भी थे।

घटना के बाद मृतक की बेटी दिशा रोती-बिलखती दिखाई दी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर शवगृह में रखवा दिया और परिजनों के बयानों के आधार पर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी राजा के साथी अन्य युवकों की तलाश जारी है, जिन्हें पकड़ने के लिए क्षेत्र में छापेमारी की जा रही है।