फरीदाबाद के नाहरावली गांव में जमींदार के घर के बाहर फायरिंग, काली थार में आए बदमाश; 3 राउंड गोलियां चला फरार
फरीदाबाद के नाहरावली गांव में जमींदार समंदर भाटी के घर के बाहर काली थार में आए बदमाशों ने 3 राउंड फायरिंग की। पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही है और जांच जारी है।
■ आधी रात जमींदार समंदर भाटी के घर के बाहर 3 राउंड फायरिंग
■ काली थार में सवार 3-4 बदमाशों ने पहले गाली-गलौज की
■ छायंसा थाना पुलिस CCTV खंगाल रही, गांव में दहशत
फरीदाबाद जिले के बल्लभगढ़ क्षेत्र स्थित नाहरावली गांव में बीती रात उस समय हड़कंप मच गया, जब काली थार में सवार होकर आए कुछ बदमाशों ने एक जमींदार के घर को निशाना बनाते हुए फायरिंग कर दी। आधी रात गोलियों की गूंज से पूरा गांव दहल उठा।
जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी जमींदार समंदर भाटी अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। रात करीब साढ़े 12 बजे अचानक घर के बाहर गाली-गलौज की आवाजें आने लगीं। इसके बाद बदमाशों ने खौफ पैदा करने के इरादे से 3 राउंड फायरिंग कर दी।
गोलियों की आवाज सुनकर समंदर भाटी और उनका परिवार नींद से जाग गया। जब वे बाहर निकले तो देखा कि एक काली थार गाड़ी में सवार 3 से 4 युवक तेजी से मौके से फरार हो रहे थे। समंदर भाटी ने बताया कि उन्हें नहीं पता कि फायरिंग करने वाले कौन थे और किस वजह से यह वारदात की गई।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना तुरंत छायंसा थाना पुलिस को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। देर शाम थाने में दी गई शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है।
थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि हवाई फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। फिलहाल अज्ञात बदमाशों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके।
गांव में दहशत
घटना के बाद से नाहरावली गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह आधी रात को फायरिंग होना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। लोगों ने मांग की है कि जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी हो, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
shubham