क्राइम ब्रांच और कुख्यात बदमाश सोनू के बीच मुठभेड़, जख्मी हालत में चढ़ा पुलिस के हत्थे
फरीदाबाद में क्राइम ब्रांच और कुख्यात बदमाश सोनू के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
- फरीदाबाद में क्राइम ब्रांच और बदमाश सोनू के बीच मुठभेड़
- जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, गिरफ्तार
- हरियाणा, दिल्ली और यूपी समेत कई राज्यों में दर्ज हैं दो दर्जन से ज्यादा मुकदमे
हरियाणा के फरीदाबाद में देर रात क्राइम ब्रांच और एक कुख्यात बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस और बदमाश के बीच हुई इस कार्रवाई के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार बदमाश की पहचान सोनू के रूप में हुई है, जो दिल्ली का रहने वाला बताया जा रहा है। आरोपी लंबे समय से पुलिस की निगरानी में था और उसकी तलाश की जा रही थी। सूचना मिलने के बाद क्राइम ब्रांच की टीम ने उसे पकड़ने के लिए कार्रवाई शुरू की।
मुठभेड़ आईएमटी क्षेत्र के समीप हुई। पुलिस का दावा है कि खुद को घिरता देख बदमाश सोनू ने पुलिस टीम पर चार राउंड फायरिंग की। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया।
पुलिस ने घायल बदमाश को तुरंत कब्जे में लेकर अस्पताल पहुंचाया। अधिकारियों के अनुसार आरोपी के खिलाफ दो दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में गंभीर आपराधिक मामले चल रहे हैं।
क्राइम ब्रांच अधिकारियों का कहना है कि आरोपी काफी समय से पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था। विभिन्न मामलों में उसकी तलाश की जा रही थी और लगातार उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी।
मामले पर जानकारी देते हुए एसीपी क्राइम वरुण दहिया ने कहा कि जिले में किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी और अपराध को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई कर रही है।
उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही फरीदाबाद और अन्य राज्यों में सक्रिय बदमाशों को भी स्पष्ट संदेश दिया गया है कि अपराध करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Akhil Mahajan