फर्जी महिला पुलिसकर्मी गिरफ्तार:पारिवारिक झगड़ा सुलझाने पहुंची, सामान और पैसे ऐंठे तो हुआ खुलासा, 10वीं तक पढ़ी
लाडवा में फर्जी महिला पुलिसकर्मी बनकर पारिवारिक विवाद सुलझाने के नाम पर दहेज का सामान और नकदी लेकर फरार महिला को पुलिस ने गिरफ्तार किया।
➤ लाडवा में फर्जी महिला पुलिसकर्मी बनकर पारिवारिक विवाद सुलझाने का झांसा
➤ दहेज का सामान और 5 हजार रुपये लेकर महिला फरार
➤ आरोपी को गिरफ्तार कर 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया
कुरुक्षेत्र जिले के लाडवा क्षेत्र में पुलिस ने एक फर्जी महिला पुलिसकर्मी को गिरफ्तार किया है, जो पारिवारिक झगड़ा सुलझाने के बहाने दहेज का सामान लेकर फरार हो गई थी। आरोपी महिला की पहचान सतविंदर कौर उर्फ सिमरन, निवासी जडौला के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला खुद को सोशल वर्कर बताकर लोगों से संपर्क करती थी और महिला पुलिसकर्मी जैसा व्यवहार और व्यक्तित्व बनाकर विश्वास जीतती थी। वह दसवीं पास है, लेकिन पुलिस जैसी भाषा, हाव-भाव और कार्यशैली अपनाकर लोगों को गुमराह कर रही थी।
थाना लाडवा में 17 जनवरी को छंदोली गांव निवासी अनिल कुमार ने शिकायत दी थी। अनिल कुमार ने बताया कि उनके बेटे की शादी के बाद बहू से घरेलू विवाद चल रहा था। बहू ने इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद मामला महिला थाना भेज दिया गया।
महिला थाने से 16 दिसंबर को उन्हें फोन कर थाने बुलाया गया, लेकिन उनके वहां पहुंचने से पहले ही एक महिला उनके घर आ गई। महिला ने खुद को महिला थाने की पुलिसकर्मी बताया और घर पर ही समझौते से मामला निपटाने का भरोसा दिलाया।
आरोपी महिला ने घर पर समझौता करवा दिया और बहू को उसके मायके भेजने का फैसला कराया। इसके बाद वह बहू का दहेज का सामान उठवाकर और बहू को साथ लेकर चली गई। परिवार को लगा कि मामला सुलझ गया है।
अगले दिन जब महिला थाने से फिर फोन आया और उन्हें थाने बुलाया गया, तब सच्चाई सामने आई। महिला थाना पुलिस ने किसी भी पुलिसकर्मी को घर भेजने से इनकार कर दिया। इस दौरान पता चला कि दहेज का सामान भी वापस नहीं आया है।
पीड़ित ने बताया कि आरोपी महिला ने पुलिसकर्मी की तरह अभिनय करते हुए समझौते के नाम पर 5 हजार रुपये भी ले लिए थे। इसके बाद थाना लाडवा में ठगी का मामला दर्ज किया गया।
थाना लाडवा के एसएचओ गुरनाम सिंह ने बताया कि पुलिस ने जांच के दौरान आरोपी महिला को उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से 5 हजार रुपये बरामद कर लिए गए हैं। उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि उसने पहले भी इस तरह की घटनाओं को अंजाम दिया है या नहीं।
Akhil Mahajan