मामूली सी कहासुनी के बाद फ‍िल्‍मी स्‍टाइल में युवक की पीट-पीटकर हत्या, पुलिस ने चार आरोपियों को दबोचा

पानीपत में फैक्टरी से घर लौट रहे कर्मचारी की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या की वारदात का खुलासा किया।

मामूली सी कहासुनी के बाद फ‍िल्‍मी स्‍टाइल में  युवक की पीट-पीटकर हत्या, पुलिस ने चार आरोपियों को दबोचा

चार आरोपी गिरफ्तार
फैक्टरी से घर लौट रहे कर्मचारी की पीट-पीटकर हत्या
रंजिश में बनाई गई थी हत्या की साजिश


पानीपत। हरियाणा के पानीपत जिले में फैक्टरी से घर लौट रहे एक कर्मचारी की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए सीआईए-टू पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान परढाना निवासी कन्हैया, सोनीपत के छतैहरा गांव निवासी राधेश्याम, बुसाना गांव निवासी साहिल और नरेंद्र के रूप में हुई है।

पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस के संज्ञान में मामला आते ही उन्होंने इसकी गंभीरता को देखते हुए सीआईए-टू पुलिस टीम को आरोपियों की पहचान और धरपकड़ की जिम्मेदारी सौंपी। पुलिस की सक्रियता से महज कुछ दिनों में वारदात की गुत्थी सुलझा ली गई।

शिकायतकर्ता रामफल ने थाना इसराना में दी शिकायत में बताया कि उसका बेटा अनिल (35) ओमेट बिजनेस फैक्टरी में कार्यरत था। 30 अगस्त की रात करीब 8:30 बजे अनिल गांव निवासी जगमोहन उर्फ मोहन के साथ बाइक पर फैक्टरी से घर लौट रहा था। तभी 8-10 युवक बाइकों पर सवार होकर पहुंचे और उसकी बाइक को रोक लिया। आरोपियों ने अनिल पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल अनिल को पहले एनसी मेडिकल कॉलेज, फिर आर्टियोस हॉस्पिटल और बाद में पीजीआई रोहतक रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

सीआईए-टू प्रभारी इंस्पेक्टर फूल कुमार ने बताया कि पूछताछ में आरोपी कन्हैया ने खुलासा किया कि कुछ दिन पहले फैक्टरी में काम के दौरान उसकी और उसके साथी संजीत की अनिल से कहासुनी हुई थी। इसके बाद दोनों ने रंजिश में अनिल की हत्या की साजिश रच डाली। 30 अगस्त को संजीत ने अपने साथियों को इकट्ठा कर हथियारों के साथ कारद गांव वाली सड़क पर तैनात कर दिया। जैसे ही अनिल बाइक पर वहां से गुजरा, आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए।

गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में वारदात में शामिल अन्य फरार साथियों के नाम भी बताए हैं। पुलिस ने चारों आरोपियों को अदालत में पेश कर पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान पुलिस वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार बरामद करने और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास करेगी।