हिसार में मचेगा सियासी तहलका, दुष्यंत चौटाला ने CIA इंचार्ज विवाद पर बुलाई महापंचायत

पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने हरियाणा पुलिस के साथ विवाद के बाद 27 अप्रैल को हिसार में छात्र हित महापंचायत बुलाई है। उन्होंने DGP पर फोन ब्लॉक करने का भी आरोप लगाया।

हिसार में मचेगा सियासी तहलका,  दुष्यंत चौटाला ने CIA इंचार्ज विवाद पर बुलाई महापंचायत

जेजेपी का बड़ा ऐलान: 27 अप्रैल को हिसार में होगी 'छात्र हित महापंचायत', सरकार के खिलाफ फूंकेंगे बिगुल

 ➤ पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला का आरोप- डीजीपी ने ब्लॉक किया मेरा नंबर, पुलिस के डराने से नहीं डरेंगे

 ➤ CIA इंचार्ज के साथ हुए विवाद को लेकर आर-पार की जंग, एससी-एसटी आयोग में भी जाएगी जजपा


हरियाणा के पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला और पुलिस प्रशासन के बीच जारी टकराव अब एक बड़े आंदोलन की शक्ल अख्तियार करने जा रहा है। सोमवार को पंचकूला में जननायक जनता पार्टी (JJP) की अहम बैठक हुई, जिसमें फैसला लिया गया कि आगामी 27 अप्रैल को हिसार में एक विशाल 'छात्र हित महापंचायत' आयोजित की जाएगी। इस बैठक में जजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय चौटाला और प्रदेश अध्यक्ष ब्रज शर्मा विशेष रूप से मौजूद रहे।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दुष्यंत चौटाला ने प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) पर गंभीर आरोप लगाते हुए अपना फोन दिखाया और कहा कि जब उन्होंने इस विवाद को लेकर संपर्क करना चाहा, तो DGP ने उनका नंबर ब्लॉक कर दिया। दुष्यंत ने स्पष्ट किया कि सरकार और पुलिस के दबाव में जजपा झुकने वाली नहीं है और हिसार में अपनी ताकत का प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई सिर्फ पार्टी की नहीं, बल्कि हर छात्र और युवा की है।

विवाद की जड़ 17 अप्रैल की वह घटना है जब दुष्यंत और दिग्विजय चौटाला जीजेयू (GJU) मामले में गिरफ्तारी देने जा रहे थे। दुष्यंत का आरोप है कि CIA इंचार्ज पवन कुमार ने न सिर्फ उनका काफिला रोका, बल्कि उन पर हथियार तानकर गाड़ी से कुचलने की कोशिश भी की।

17 अप्रैल को दुष्यंत चौटाला ने CIA इंचार्ज को रोकने की कोशिश की, तो उन्होंने गाड़ी भगा ली। दुष्यंत गाड़ी पर ही लटक गए, लेकिन उनकी सिक्योरिटी ने उन्हें पकड़ लिया।

इसके अलावा, उन्होंने पुलिस पर बिना वारंट के कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी, घरों से डीवीआर चोरी करने और एक नाबालिग बेटी के साथ जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल का भी आरोप लगाया। इस मामले में पार्टी अब एससी-एसटी आयोग और न्यायिक बेंच का दरवाजा खटखटाने की तैयारी कर रही है।