हरियाणवी डांसर ने स्टेज पर जड़ दिया युवक को थप्पड़, चल रही थी परफारेमेंस, मनचले ने स्टेज पर चढ़कर छू ली थी कमर
हाथरस में स्टेज शो के दौरान कथित बदसलूकी से नाराज हरियाणवी डांसर डिंपल चौधरी ने युवक को थप्पड़ मार दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
- हाथरस में स्टेज शो के दौरान डांसर डिंपल चौधरी से युवक ने की कथित बदसलूकी
- कमर छूने पर भड़कीं डिंपल, मंच पर ही युवक को जड़ दिया थप्पड़
- घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, कलाकारों की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
हरियाणवी स्टेज डांसर डिंपल चौधरी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में उत्तर प्रदेश के हाथरस में आयोजित एक स्टेज शो के दौरान एक युवक कथित तौर पर परफॉर्मेंस के बीच मंच पर पहुंचकर डिंपल चौधरी को छूता दिखाई देता है। युवक की इस हरकत पर डिंपल भड़क गईं और उन्होंने मंच पर ही उसे थप्पड़ जड़ दिया।
घटना के बाद डिंपल चौधरी ने माइक पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा, "परफॉर्मेंस चल रही है, इसका मतलब यह नहीं कि कोई हाथ लगाए।" इसके बाद कार्यक्रम स्थल पर कुछ देर के लिए तनाव का माहौल बन गया। वीडियो अब सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से शेयर किया जा रहा है।
डिंपल चौधरी ने बताया कि यह घटना 3 जून को उत्तर प्रदेश के हाथरस क्षेत्र में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान हुई थी। एक परिवार द्वारा बेटी के जन्मदिन पर डांस और रागनी कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें कई कलाकार मौजूद थे। रात करीब ढाई बजे वह हरियाणवी गाने ‘गंडास’ पर प्रस्तुति दे रही थीं, तभी यह घटना हुई।
डिंपल के अनुसार मंच पर आया युवक आयोजक का रिश्तेदार था। उन्होंने आरोप लगाया कि युवक ने गलत नीयत से उनकी कमर को छूने की कोशिश की। इसी वजह से उन्होंने मंच पर ही उसे जवाब दिया। डिंपल का कहना है कि कलाकार मनोरंजन के लिए मंच पर आते हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि कोई उनके सम्मान के साथ खिलवाड़ करे।
घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर हंगामा भी हुआ। डिंपल ने बताया कि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कुछ जगहों पर डंडे चलाने पड़े। हालांकि उन्होंने कहा कि वह इस मामले में पुलिस शिकायत दर्ज नहीं कराना चाहतीं क्योंकि उन्होंने मौके पर ही अपनी प्रतिक्रिया दे दी थी।
डिंपल चौधरी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर की रहने वाली हैं और हरियाणा, राजस्थान तथा उत्तर प्रदेश में नियमित रूप से स्टेज शो करती हैं। उन्होंने बताया कि उन्होंने वर्ष 2018 में अपने करियर की शुरुआत की थी। शुरुआती दौर में वह जागरणों में भजन और गीत गाती थीं। बाद में उन्होंने स्टेज परफॉर्मेंस शुरू की और धीरे-धीरे अपनी पहचान बनाई।
डिंपल ने बताया कि आर्थिक परिस्थितियों के कारण उन्होंने इस क्षेत्र को करियर के रूप में चुना था। शुरुआत में जहां उन्हें एक कार्यक्रम के केवल 500 रुपये मिलते थे, वहीं अब वह करीब दो घंटे के कार्यक्रम के लिए 40 हजार रुपये तक फीस लेती हैं।
वायरल वीडियो पर सोशल मीडिया यूजर्स की मिश्रित प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कई लोगों ने डिंपल के कदम का समर्थन करते हुए कलाकारों के सम्मान और सुरक्षा की बात कही है, जबकि कुछ लोगों ने मंचीय कार्यक्रमों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की जरूरत बताई है।
Akhil Mahajan