शादी में ब्रेजा कार मांगने वाला पुलिस कॉन्स्टेबल सस्पेंड, सोनीपत में हुई थी शादी, जानें क्या बोला
सोनीपत में शादी से पहले ब्रेजा कार मांगने के आरोपों में दिल्ली पुलिस का कॉन्स्टेबल सस्पेंड हुआ। कुलदीप ने आरोपों को नकारते हुए लड़की पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए।
➤ सोनीपत में शादी के दौरान कार मांगने के आरोपों में घिरे दिल्ली पुलिस के कॉन्स्टेबल कुलदीप कुमार को किया गया सस्पेंड
➤ कुलदीप ने आरोपों को नकारते हुए लड़की पक्ष पर बंधक बनाने और 15 से 20 लाख रुपये मांगने का लगाया आरोप
➤ दुल्हन के पिता का दावा- साढ़े 9 लाख की ऑरा कार बुक कराई थी, दूल्हे ने ब्रेजा की मांग की
हरियाणा के सोनीपत में शादी समारोह के दौरान ब्रेजा कार मांगने के आरोपों में घिरे दिल्ली पुलिस के कॉन्स्टेबल कुलदीप कुमार को सस्पेंड कर दिया गया है। दिल्ली पुलिस ने 23 नवंबर को निलंबन के आदेश जारी किए। कुलदीप आउटर नॉर्थ क्षेत्र में तैनात था। विभाग ने उसके आचरण को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित नियमों के तहत विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी है। दूसरी ओर, कुलदीप ने अपने ऊपर लगे दहेज में कार मांगने के आरोपों को गलत बताया है। उसका कहना है कि विवाद की शुरुआत वाटिका में कपड़े बदलने की जगह और गेट पर स्वागत नहीं होने को लेकर हुई थी। उसने लड़की पक्ष पर बंधक बनाने, 15 से 20 लाख रुपये मांगने और धमकी देने के आरोप भी लगाए हैं। कुलदीप का दावा है कि वह आज भी लड़की से शादी करने के लिए तैयार है।
20 नवंबर को बारात लेकर पहुंचा था कुलदीप
गोहाना निवासी कुलदीप का रिश्ता सोनीपत के रामनगर निवासी सुभाष की बेटी के साथ तय हुआ था। 20 नवंबर को वह बारात लेकर मुरथल रोड स्थित मामचंद वाटिका पहुंचा था। कुलदीप के अनुसार, वहां पहुंचने के बाद उसने कपड़े बदलने के लिए जगह मांगी, लेकिन लड़की पक्ष की ओर से कोई व्यवस्था नहीं की गई। इसके बाद उसे सड़क पर किसी जगह जाकर कपड़े बदलने पड़े।
कुलदीप का कहना है कि वाटिका के प्रवेश द्वार पर पहुंचने के बाद स्वागत के लिए भी कोई मौजूद नहीं था। इसी बात को लेकर उसने दुल्हन के भाई से व्यवस्थाओं के बारे में सवाल किया। उसके मुताबिक, दुल्हन के भाई ने कहा कि गेट पर ही रिबन कटेगा और उन्होंने शादी के लिए पैसे खर्च किए हैं। कुलदीप का दावा है कि इसी बातचीत के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ा।
हरियाणवी बोलने के तरीके को बताया विवाद की वजह
कुलदीप ने कहा कि हरियाणवी बोलने का तरीका कुछ अलग होता है और आम बातचीत में भी लोग कई बार तेज आवाज में बोलते हैं। उसके अनुसार, गुस्से में निकले कुछ शब्दों को गलत तरीके से समझ लिया गया और बाद में इसे बड़ा विवाद बना दिया गया।
उसने व्यवस्थाओं को लेकर हुई बातचीत को सामान्य नाराजगी बताया और कहा कि उसकी ओर से कोई बड़ी कहासुनी या झगड़ा नहीं किया गया था।
बंधक बनाने और 15 से 20 लाख रुपये मांगने का आरोप
कुलदीप ने लड़की पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उसे वाटिका में बंधक बना लिया गया था और गेट पर ताला लगा दिया गया था। उसका दावा है कि रिश्ता तोड़ने के बाद लड़की पक्ष की ओर से 35 मिनट के भीतर गोहाना से सामान पहुंचाने की बात कही गई और ऐसा नहीं करने पर बुरा हाल करने की धमकी दी गई।
कुलदीप ने यह भी आरोप लगाया कि इस दौरान उससे 15 से 20 लाख रुपये की मांग की गई। स्थिति बिगड़ने पर उसने डायल 112 पर कॉल करके पुलिस को सूचना दी थी।
दहेज और मारपीट के आरोपों को किया खारिज
कुलदीप ने दुल्हन पक्ष की ओर से लगाए गए दहेज मांगने और मारपीट के आरोपों को गलत बताया। उसका कहना है कि उसने ब्रेजा कार की कोई मांग नहीं की थी। उसने यह भी दावा किया कि बारात में मौजूद कई लोग नशे में थे और किसी के साथ मारपीट नहीं की गई।
कुलदीप ने कहा कि उसकी सरकारी नौकरी होने के कारण उसे निशाना बनाया जा रहा है और दबाव बनाकर पैसे ऐंठने की कोशिश की जा रही है। उसने चुनौती दी कि यदि उसने किसी बिचौलिए या अन्य माध्यम से ब्रेजा कार अथवा किसी दूसरे सामान की मांग की है तो इसका सबूत सामने लाया जाए। उसने अपने ऊपर लगे आरोपों की जांच कराने की बात भी कही।
दुल्हन के पिता बोले- ब्रेजा कार मांग रहा था दूल्हा
दूसरी ओर, दुल्हन के पिता सुभाष ने कुलदीप के दावों से अलग पक्ष रखा है। उनका आरोप है कि उन्होंने दूल्हे के लिए करीब साढ़े 9 लाख रुपये की हुंडई ऑरा कार बुक करवाई थी, लेकिन कुलदीप ने यह कहते हुए गाड़ी लेने से इनकार कर दिया कि ऑरा टैक्सी में चलती है और उसे ब्रेजा कार चाहिए।
सुभाष के अनुसार, ब्रेजा की व्यवस्था नहीं होने पर 20 नवंबर को दूल्हा अपनी मां के साथ साधारण कपड़ों में शादी समारोह में पहुंचा। वहां गाली-गलौज हुई और विवाद बढ़ने के बाद दूल्हा बारात लेकर वापस लौट गया। वहीं, दुल्हन शादी के जोड़े में मंडप में बैठकर इंतजार करती रही।
दोनों पक्षों में नहीं हुआ समझौता
सेक्टर-27 थाना प्रभारी सवित कुमार के मुताबिक, मामले में रविवार को दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया था, लेकिन उनके बीच कोई समझौता नहीं हो सका। दोनों पक्षों को एक दिन बाद दोबारा थाने आने के लिए कहा गया है।
दुल्हन पक्ष ने कुलदीप के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। वहीं, दिल्ली पुलिस ने कुलदीप को सस्पेंड करते हुए विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग आरोप लगाए गए हैं और मामले में आगे की कार्रवाई का इंतजार है।
Akhil Mahajan