दिल्ली एयरपोर्ट पर तकनीकी खराबी, 100 से ज्यादा फ्लाइट्स लेट

दिल्ली एयरपोर्ट पर ATC के AMSS सिस्टम में तकनीकी खराबी के बाद 100 से ज्यादा फ्लाइट्स देरी से उड़ीं। सिस्टम फेल होने पर कंट्रोलर्स मैन्युअल मोड पर काम कर रहे हैं।

दिल्ली एयरपोर्ट पर तकनीकी खराबी, 100 से ज्यादा फ्लाइट्स लेट
  • दिल्ली एयरपोर्ट पर तकनीकी खराबी से 100 से ज्यादा फ्लाइट्स डिले

  • AMSS सिस्टम फेल, ATC कंट्रोलर्स को शेड्यूल नहीं मिल रहा

  • मैन्युअल ऑपरेशन के चलते गुरुवार को 513 फ्लाइट्स भी लेट


दिल्ली एयरपोर्ट पर शुक्रवार को एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम में अचानक आई तकनीकी खराबी के कारण 100 से अधिक उड़ानों का संचालन प्रभावित हो गया। न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, गुरुवार शाम से ही तकनीकी समस्या बनी हुई है, जिसके चलते एयर ट्रैफिक कंट्रोलर्स को फ्लाइट्स का शेड्यूल उपलब्ध नहीं हो पा रहा।

ऑटोमेटिक मैसेज स्विच सिस्टम (AMSS) में आई गड़बड़ी इस समस्या की मुख्य वजह बताई जा रही है। यह सिस्टम विमानों के टेकऑफ और लैंडिंग से जुड़ी शेड्यूलिंग जानकारी कंट्रोल रूम को भेजता है। सिस्टम बंद होने के बाद ATC टीम को मैन्युअली डेटा तैयार कर काम करना पड़ रहा है, जिससे उड़ान संचालन में काफी देरी हो रही है।

ATC अधिकारियों ने पहले से मौजूद रिकॉर्ड्स के आधार पर नई मैन्युअल शेड्यूलिंग शुरू की है, लेकिन डेटा की कमी और लगातार बढ़ते एयर ट्रैफिक के चलते उड़ानों का समय बिगड़ता जा रहा है। शुक्रवार को कई फ्लाइट्स लगभग 50 मिनट की देरी से उड़ान भर सकीं।

फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट Flightradar24.com के मुताबिक, गुरुवार को भी तकनीकी समस्या के दौरान 513 फ्लाइट्स देरी से टेकऑफ हुई थीं। लगातार दूसरे दिन उड़ानों पर इसका असर दिखाई दे रहा है।
हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी टीम AMSS सिस्टम को जल्द बहाल करने में जुटी है।