सनातन धर्म और राष्ट्र एक-दूसरे के पूरक, अगली सहस्त्राब्दी भारत के वैभव की होगी: योगी

मुरथल बाबा नागे धाम में सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सनातन धर्म और राष्ट्र एक-दूसरे के पूरक हैं। नशा मुक्त समाज और सांस्कृतिक उन्नयन का आह्वान किया।

सनातन धर्म और राष्ट्र एक-दूसरे के पूरक, अगली सहस्त्राब्दी भारत के वैभव की होगी: योगी

सीएम योगी आदित्यनाथ बोले, सनातन धर्म और राष्ट्र एक-दूसरे के पूरक, अगली सहस्त्राब्दी भारत के वैभव की होगी
धर्म की आड़ में भ्रम फैलाने वाले तत्वों से सतर्क रहने और नशा मुक्त समाज के लिए जनजागरण का आह्वान
मुरथल बाबा नागे धाम में मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा और गद्दीनशीन समारोह में देशभर से संत-श्रद्धालु जुटे


शंकराचार्य विवाद के बीचउत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हरियाणा में कहा  कि सनातन धर्म केवल पूजा पद्धति नहीं, बल्कि जीवन को दिशा देने वाली व्यापक संस्कृति है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत और सनातन धर्म एक-दूसरे के पूरक हैं। भारत सशक्त होगा तो सनातन भी सशक्त होगा और इसी से विश्व मानवता के कल्याण का मार्ग प्रशस्त होगा।

सीएम योगी मुरथल स्थित बाबा नागे धाम में श्री सिद्ध बाबा महंत बुधनाथ जी महाराज की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा एवं आठ मान भंडारे में शामिल हुए। इस अवसर पर बाल योगी मसाणनाथ जी महाराज को महंत के रूप में गद्दीनशीन किया गया। कार्यक्रम में देशभर से नाथ संप्रदाय के संत, पीठाधीश्वर और हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आठवीं से उन्नीसवीं शताब्दी तक विदेशी आक्रांताओं के कारण भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को गहरा नुकसान पहुंचा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक भारत-श्रेष्ठ भारत के संकल्प के साथ जो प्रयास हो रहे हैं, उनसे अगले 1000 वर्षों तक भारत का वैभव दुनिया में स्थापित होगा। यह लक्ष्य राजनीतिक नेतृत्व के साथ समाज की भागीदारी से ही पूरा होगा।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नाथ पंथ भारत की प्राचीनतम साधना परंपराओं में से एक है, जिसने सदियों से योग, साधना, सेवा और अनुशासन का मार्ग दिखाया। उत्तर से दक्षिण और पूर्व से पश्चिम तक फैले नाथ सिद्धों के मठ सनातन परंपरा की जीवंत पहचान हैं।

उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रखने की अपील करते हुए कहा कि नशा नाश का कारण है और यह विदेशी ताकतों की साजिश का हिस्सा है। संत समाज और नागरिकों को मिलकर नशा विरोधी जन-जागरण अभियान चलाना चाहिए। साथ ही पर्यावरण संरक्षण, जल-संरक्षण, नदियों और तालाबों के पुनर्जीवन पर भी जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संत और योगी के लिए धर्म और राष्ट्र से बढ़कर कुछ नहीं हो सकता। सनातन धर्म को कमजोर करने वाली किसी भी साजिश के प्रति समाज को एकजुट होकर सतर्क रहना होगा। आर्थिक विकास के साथ आध्यात्मिक और सांस्कृतिक उन्नयन ही विकसित भारत की सच्ची पहचान बनेगा।

कार्यक्रम में हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं का संरक्षण ही भारत की शक्ति है। हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इस दिशा में निरंतर कार्य कर रहे हैं। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली, विधायक बाबा बालकनाथ, कृष्णा गहलावत सहित बड़ी संख्या में संत और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।