चौधरी भजनलाल की पुण्यतिथि पर पहुंचे CM सैनी, बिना संबोधन लौटे; रेखा शर्मा विवाद के बाद डैमेज कंट्रोल की चर्चा
पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भजनलाल की 15वीं पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री नायब सैनी आदमपुर पहुंचे। रेखा शर्मा विवाद के बाद इस दौरे को भाजपा के डैमेज कंट्रोल प्रयासों से जोड़ा जा रहा है।
- चौधरी भजनलाल की 15वीं पुण्यतिथि पर आदमपुर पहुंचे मुख्यमंत्री नायब सैनी
- समाधि स्थल पर श्रद्धांजलि देने के बाद मीडिया से बिना बात किए लौटे
- रेखा शर्मा विवाद के बाद भाजपा के डैमेज कंट्रोल प्रयासों से जोड़ा जा रहा कार्यक्रम
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भजनलाल की 15वीं पुण्यतिथि पर बुधवार को आदमपुर में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। बिश्नोई परिवार की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी पहुंचे और चौधरी भजनलाल को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
मुख्यमंत्री ने समाधि स्थल की परिक्रमा की और बिश्नोई परिवार के साथ करीब 20 मिनट तक मौजूद रहे। हालांकि कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कोई सार्वजनिक संबोधन नहीं किया और मीडिया से बातचीत किए बिना ही वापस लौट गए। उनके इस व्यवहार को राजनीतिक गलियारों में अलग-अलग नजरिए से देखा जा रहा है।
यह कार्यक्रम ऐसे समय में हुआ है जब भाजपा सांसद रेखा शर्मा के एक विवादित बयान को लेकर प्रदेश की राजनीति में पिछले कुछ सप्ताह से हलचल बनी हुई है। रेखा शर्मा ने अप्रैल में पंचकूला में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान चौधरी भजनलाल और पूर्व उपमुख्यमंत्री चंद्रमोहन को लेकर विवादित टिप्पणी की थी। इस बयान के बाद कांग्रेस विधायक चंद्रमोहन ने उन्हें कानूनी नोटिस भेजा था, जबकि कुलदीप बिश्नोई ने सार्वजनिक माफी की मांग की थी।
रेखा शर्मा के बयान पर भाजपा की ओर से तत्काल कोई कार्रवाई नहीं होने के कारण कुलदीप बिश्नोई की नाराजगी भी सामने आई थी। हालांकि बाद में रेखा शर्मा ने अपने बयान पर खेद व्यक्त करते हुए माफी मांग ली थी। इसके बाद कुलदीप बिश्नोई ने भी मामले को समाप्त मानते हुए उन्हें माफ कर दिया था।
राजनीतिक जानकार मुख्यमंत्री नायब सैनी की आदमपुर यात्रा को भाजपा के डैमेज कंट्रोल प्रयासों से जोड़कर देख रहे हैं। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री 1 जून को भी दिल्ली स्थित कुलदीप बिश्नोई के आवास पर उनसे मुलाकात करने पहुंचे थे।
श्रद्धांजलि सभा में हरियाणा के अलावा राजस्थान से भी बड़ी संख्या में समर्थक पहुंचे। कार्यक्रम में कुलदीप बिश्नोई, रेणुका बिश्नोई, भव्य बिश्नोई, रणधीर पनिहार और अन्य कई नेता मौजूद रहे।
कार्यक्रम में पहुंचे समर्थकों ने भी बिश्नोई परिवार के प्रति अपनी निष्ठा दोहराई। समर्थक बलवंत ने कहा कि उनका परिवार से भावनात्मक जुड़ाव है और बिश्नोई परिवार जहां जाएगा, वे भी उसके साथ खड़े रहेंगे। वहीं फतेहाबाद से आए लवली मेहता ने चौधरी भजनलाल को 36 बिरादरी का नेता बताते हुए कुलदीप बिश्नोई के प्रति समर्थन व्यक्त किया।
Akhil Mahajan