दिल्ली प्रदर्शन से पहले हरियाणा में कॉकरोच जनता पार्टी समर्थकों की धरपकड़, रोहतक में पार्षद हिरासत में

दिल्ली के जंतर-मंतर पर CJP के प्रदर्शन से पहले हरियाणा पुलिस अलर्ट हो गई। रोहतक में जयदेव डागर समेत कई समर्थकों को हिरासत में लिया गया।

दिल्ली प्रदर्शन से पहले हरियाणा में  कॉकरोच जनता पार्टी  समर्थकों की धरपकड़, रोहतक में पार्षद हिरासत में
  • दिल्ली में CJP के प्रदर्शन से पहले हरियाणा में समर्थकों की धरपकड़ शुरू
  • रोहतक में जिला परिषद सदस्य जयदेव डागर समेत कई युवाओं को पुलिस ने हिरासत में लिया
  • NEET पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ियों के विरोध में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन आज

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के दिल्ली स्थित जंतर-मंतर पर शनिवार को प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले हरियाणा पुलिस अलर्ट मोड पर दिखाई दी। रोहतक-दिल्ली बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और प्रदर्शन में शामिल होने के लिए दिल्ली जाने वाले समर्थकों की निगरानी की जा रही है। इसी कड़ी में रोहतक जिला परिषद सदस्य जयदेव डागर और उनके साथियों को सांपला पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

जानकारी के अनुसार जयदेव डागर अपने समर्थकों के साथ दिल्ली में होने वाले प्रदर्शन में भाग लेने के लिए रवाना हुए थे। रास्ते में सांपला के नेशनल हाईवे पर पुलिस ने उनकी गाड़ी रुकवा ली। इस दौरान पुलिस और जयदेव डागर के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। हालांकि बाद में पुलिस उन्हें और उनके साथियों को थाने ले गई। पुलिस ने दिल्ली जाने वाले अन्य युवाओं को भी हिरासत में लेना शुरू कर दिया।

उधर, कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके शनिवार सुबह करीब 7:45 बजे अमेरिका से दिल्ली पहुंचे। उन्होंने समर्थकों से पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन पहुंचने की अपील की है। पार्टी का यह पहला बड़ा सार्वजनिक प्रदर्शन है, जो NEET-UG पेपर लीक, CBSE, CUET और SSC-GD जैसी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के विरोध में आयोजित किया जा रहा है।

रोहतक के जिला परिषद सदस्य जयदेव डागर पहले भी CJP के समर्थन में सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं। उन्होंने 22 मई को रोहतक में विरोध प्रदर्शन कर डीसी के माध्यम से सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा था। उस प्रदर्शन के बाद जिले के कई युवा इस अभियान से जुड़े थे। जयदेव ने पहले ही घोषणा कर दी थी कि वह दिल्ली प्रदर्शन में शामिल होंगे और युवाओं के साथ मिलकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग उठाएंगे।

वहीं, आम आदमी पार्टी की छात्र विंग के प्रदेशाध्यक्ष दीपक धनखड़ भी सुबह दिल्ली के लिए रवाना हो गए। उनके दिल्ली पहुंचने के लगभग एक घंटे बाद पुलिस उन्हें हिरासत में लेने के लिए उनके घर पहुंची। हालांकि उस समय तक वे दिल्ली पहुंच चुके थे। पुलिस टीम उनके निवास पर मौजूद रही।

दूसरी ओर भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने वीडियो संदेश जारी कर स्पष्ट किया कि वे इस प्रदर्शन में शामिल नहीं होंगे। उन्होंने बताया कि 6 से 8 जून तक उनका राष्ट्रीय चिंतन शिविर हरिद्वार में पहले से निर्धारित है। हालांकि संगठन के कुछ प्रतिनिधि प्रदर्शन में शामिल होकर समर्थन देंगे।

हरियाणा में कॉकरोच जनता पार्टी का प्रभाव लगातार बढ़ता दिखाई दे रहा है। इस डिजिटल आंदोलन को उस समय गति मिली जब हिसार निवासी सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की एक टिप्पणी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी। इसके बाद कई राजनीतिक नेताओं ने भी इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया दी।

इनेलो विधायक अर्जुन चौटाला ने सोशल मीडिया पर लिखा था कि वह उस पीढ़ी से आते हैं जिसे आलसी और कॉकरोच कहा गया, इसलिए वे खुद को कॉकरोचों का पहला विधायक मानते हैं। वहीं रोहतक सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने भी सोशल मीडिया पोस्ट में CJP के एक्स अकाउंट पर कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा था।

करीब 15 दिन पहले रोहतक में CJP से जुड़े युवाओं ने जोरदार प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए NEET पेपर लीक मामले में कार्रवाई की मांग की थी। इसके अलावा हिसार में भी पार्टी समर्थकों ने विभिन्न मुद्दों को लेकर नगर निगम प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया था।