भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत इसी माह रोहतक आएंगे

भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने रोहतक जिला बार एसोसिएशन का इसी माह दौरा करने का आश्वासन दिया। 137 वर्ष पुरानी बार में भव्य सम्मान समारोह होगा।

भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत इसी माह रोहतक आएंगे
  • भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत इसी माह रोहतक आएंगे
  • रोहतक जिला बार एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल को दिया आश्वासन
  • 137 वर्ष पुरानी बार एसोसिएशन में होगा भव्य सम्मान समारोह

रोहतक। भारत के मुख्य न्यायाधीश माननीय सूर्यकांत इसी माह रोहतक का दौरा करेंगे। यह आश्वासन उन्होंने रोहतक जिला बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल को दिया है।

रोहतक जिला बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों का एक प्रतिनिधिमंडल रविवार देर शाम दिल्ली स्थित मुख्य न्यायाधीश के आधिकारिक आवास पर उनसे मिला। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व बार काउंसिल ऑफ पंजाब एंड हरियाणा के सदस्य एवं पूर्व अध्यक्ष डॉ. विजेंद्र सिंह अहलावत और जिला बार एसोसिएशन रोहतक के अध्यक्ष दीपक हुड्डा ने किया।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य न्यायाधीश को 137 वर्ष पुरानी ऐतिहासिक जिला बार एसोसिएशन रोहतक के औपचारिक दौरे के लिए आमंत्रित किया। इस दौरान माननीय मुख्य न्यायाधीश ने रोहतक के प्रति अपना भावनात्मक जुड़ाव व्यक्त किया और आश्वासन दिया कि वह जनवरी माह में ही बार एसोसिएशन रोहतक का दौरा करेंगे।

जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक हुड्डा ने बताया कि मुख्य न्यायाधीश के आगमन पर उनका भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इस अवसर को ऐतिहासिक बनाने के लिए बार एसोसिएशन स्तर पर तैयारियां की जाएंगी।

प्रतिनिधिमंडल में उपाध्यक्ष अजय ओहलान, महासचिव राजकरण पंघाल, संयुक्त सचिव डिम्पल, पुस्तकालय प्रभारी अनिल कुमार, नामांकन समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र लौरा और कार्यकारी समिति के सदस्य अनिल शर्मा भी शामिल रहे।