मनीषा मर्डर केस में सीबीआई ने दर्ज की FIR, भिवानी कॉलेज से मांगा रिकॉर्ड

हरियाणा के भिवानी में मनीषा की मौत मामले में सीबीआई ने FIR दर्ज कर गहन जांच शुरू की। स्कूल, कॉलेज और घर से रिकॉर्ड व बयान जुटाए जा रहे हैं।

मनीषा मर्डर केस में सीबीआई ने दर्ज की FIR, भिवानी कॉलेज से मांगा रिकॉर्ड

➤ भिवानी में मनीषा की मौत मामले में सीबीआई ने FIR दर्ज की
➤ सीबीआई ने स्थल निरीक्षण और गहन पूछताछ शुरू की
➤ प्ले स्कूल, कॉलेज और घर से रिकॉर्ड व बयान जुटाए जा रहे हैं

हरियाणा के भिवानी जिले के गांव ढाणी लक्ष्मण की निवासी मनीषा की मौत मामले में सीबीआई ने जांच तेज कर दी है। सीबीआई ने मामले की FIR दर्ज कर मामले की तहकीकात शुरू कर दी है। इससे पहले सीबीआई ने स्थानीय पुलिस से रिकॉर्ड हासिल किया और जांच के बाद यह कदम उठाया। जांच के दौरान सीबीआई ने मनीषा की मौत से जुड़े स्थलों का निरीक्षण किया और लोगों से प्राथमिक पूछताछ भी की।

शनिवार को जांच के लिए मनीषा के घर पहुंची थी सीबीआई

सीबीआई का मकसद अब मनीषा की मौत के कारणों को गहराई से समझना है, ताकि पूरे मामले की जड़ तक पहुंचा जा सके। सीबीआई ने बातचीत और पुलिस रिकॉर्ड के आधार पर मनीषा की मौत से जुड़ी FIR दर्ज की। पहले पुलिस ने मनीषा के लापता होने और उसके बाद हत्या का मामला दर्ज किया था। अब सीबीआई ने यह FIR दर्ज करके जांच को और गहराई दी है।

सीबीआई की टीम 3 सितंबर को भिवानी पहुंची थी। इसके बाद पुलिस अधिकारियों के साथ मीटिंग कर रिकार्ड हासिल किया और रेस्ट हाउस में रिकार्ड खंगाला। शनिवार को मनीषा के प्ले स्कूल, घटनास्थल, मनीषा के घर व कॉलेज का निरीक्षण किया गया। वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की गई और स्कूल व कॉलेज से रिकार्ड भी मांगा गया। साथ ही मनीषा के पिता का बयान दर्ज किया गया है। अब सीबीआई मामले से जुड़े अन्य लोगों से भी गहन पूछताछ करेगी, ताकि सच्चाई सामने आ सके।