सीबीआई ने दो लाख की रिश्वत लेते पकड़ा हेडकांस्टेबल, कार्याल परिसर की तलाशी ली तो ₹48.87 लाख की नकद राशि बरामद
दिल्ली में CBI ने हेड कांस्टेबल को ₹2 लाख की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। तलाशी में ₹48.87 लाख कैश मिला, मामले में बड़े रैकेट की जांच जारी।
CBI ने पुलिस के हेड कांस्टेबल को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा
₹2 लाख लेते ट्रैप ऑपरेशन में गिरफ्तारी, ₹48.87 लाख कैश बरामद
झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर ₹15 लाख मांगने का आरोप
भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई ने पुलिस महकमे में हलचल मचा दी है। केंद्रीय जांच ब्यूरो ने ट्रैप ऑपरेशन के तहत एक हेड कांस्टेबल को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजय के रूप में हुई है, जो दिल्ली पुलिस की नारकोटिक्स सेल, द्वारका में तैनात था। CBI के मुताबिक, आरोपी को ₹2 लाख की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि हेड कांस्टेबल उसे झूठे केस में फंसाने की धमकी दे रहा था और इसके बदले ₹15 लाख की मांग कर रहा था। इसी शिकायत के आधार पर CBI ने जाल बिछाया और आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद CBI टीम ने आरोपी के कार्यालय परिसर की तलाशी ली, जहां से ₹48.87 लाख की नकद राशि बरामद हुई। इतनी बड़ी रकम मिलने के बाद मामले ने और गंभीर रूप ले लिया है और भ्रष्टाचार के बड़े नेटवर्क की आशंका जताई जा रही है।
एजेंसी अब इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या इस पूरे मामले में अन्य पुलिसकर्मी भी शामिल हैं और क्या आरोपी पहले भी इस तरह की अवैध गतिविधियों में संलिप्त रहा है।
इस कार्रवाई के बाद दिल्ली पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। वहीं CBI ने साफ संकेत दिए हैं कि भ्रष्टाचार के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
Akhil Mahajan