भाजपा प्रदेशाध्यक्ष बड़ौली बोले- नायब सैनी डमी सीएम नहीं, मजबूत नेता हैं
भिवानी पहुंचे भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने कहा कि नायब सैनी डमी सीएम नहीं हैं। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष पर दर्ज केस को पुराना मामला बताया और कहा कि HTET रिजल्ट में कोई गोलमाल नहीं। मनोहरलाल के बयान को तोड़ा-मरोड़ा गया है।
➤ भिवानी पहुंचे BJP प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली
➤ बोले- नायब सैनी डमी CM नहीं, मजबूत नेतृत्व है
➤ कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष पर केस दर्ज होना कोई बड़ी बात नहीं
भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली रविवार को भिवानी पहुंचे, जहां उन्होंने स्पष्ट कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी डमी सीएम नहीं हैं, बल्कि हरियाणा को मजबूत दिशा देने वाले नेतृत्वकर्ता हैं। इस दौरान उन्होंने केंद्रीय मंत्री मनोहरलाल खट्टर का भी बचाव किया और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह पर दर्ज हुए पुराने केस को “कोई बड़ी बात नहीं” बताया।
बड़ौली पूर्व मंत्री स्वर्गीय ठाकुर बीरसिंह की 101वीं जयंती में शामिल हुए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 127वें एपिसोड को सुना। कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि कुछ लोग सोशल मीडिया पर “झूठ फैलाकर राजनीति” करते हैं। ऐसे लोगों की राजनीति अनाप-शनाप बयानबाजी और अफवाहों पर आधारित है।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष पर दर्ज केस को बताया पुराना मामला
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि CLU सीडी कांड में राव नरेंद्र सिंह के खिलाफ दायर की गई याचिका पुरानी है। “कांग्रेस इसे बड़ा मुद्दा बनाकर जनता को गुमराह न करे।” उन्होंने कहा कि बीजेपी के नेता और कार्यकर्ता साफ छवि और ईमानदारी के साथ जनता के बीच काम कर रहे हैं।
मनोहरलाल के बयान को तोड़ा-मरोड़ा गया: बड़ौली
बाबा साहेब अंबेडकर को लेकर मनोहरलाल के बयान पर उठे विवाद पर उन्होंने कहा कि “उनके बयान और भावनाओं को तोड़ा-मरोड़ा गया है।” बीजेपी किसी भी जाति या वर्ग के खिलाफ नहीं है।
CET और HTET रिजल्ट पर दी सफाई
बड़ौली ने CET और HTET रिजल्ट में देरी पर कहा कि सरकार का मकसद अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार देना है। थोड़ी तकनीकी दिक्कतें आई हैं, जिन्हें जल्द दूर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि “गोलमाल और घोटाले पहले की सरकारों में होते थे, बीजेपी इन सबसे बहुत दूर है।”
राष्ट्रीय और प्रदेश अध्यक्ष चुनाव पर टाला सवाल
जब उनसे भाजपा के राष्ट्रीय और प्रदेश अध्यक्ष पद पर होने वाले चुनावों को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि “यह फैसला केंद्रीय नेतृत्व को करना है।” फिलहाल बिहार में चुनावी माहौल है, और जैसे ही अनुकूल समय होगा, चुनाव प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
मोहनलाल बड़ौली ने अंत में कहा कि बिहार में NDA की सरकार भारी बहुमत से बनेगी और हरियाणा में भी बीजेपी संगठन मजबूत हो रहा है। उन्होंने सीएम नायब सैनी और केंद्रीय मंत्री मनोहरलाल दोनों की कार्यशैली की सराहना की और कांग्रेस पर कटाक्ष किया कि वे सिर्फ आरोप लगाना जानती है, जनसेवा नहीं।
Author1