भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय कुमार मल्होत्रा का निधन, पूर्व पीएम मनमोहन सिंह को हराया था

भाजपा के वरिष्ठ नेता और दिल्ली भाजपा के पहले अध्यक्ष रहे प्रो. विजय कुमार मल्होत्रा का 94 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वे पांच बार सांसद, दो बार विधायक रहे और मनमोहन सिंह को हराने वाले बेदाग छवि वाले नेता माने जाते हैं।

भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय कुमार मल्होत्रा का निधन, पूर्व पीएम मनमोहन सिंह को हराया था


मनमोहन सिंह को हराने वाले बेदाग छवि के नेता
दिल्ली भाजपा के पहले अध्यक्ष और पांच बार सांसद



नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और दिल्ली भाजपा के पहले अध्यक्ष रहे प्रो. विजय कुमार मल्होत्रा का मंगलवार सुबह निधन हो गया। वे 94 वर्ष के थे और पिछले कुछ समय से दिल्ली एम्स में उनका इलाज चल रहा था। सुबह लगभग 6 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से राजनीतिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने गहरी संवेदना व्यक्त की और उनके योगदान को याद किया।

मल्होत्रा ने राजनीति की शुरुआत संघ से की और जनसंघ के जरिए दिल्ली में पार्टी की विचारधारा को विस्तार दिया। वे 1972 से 1975 तक दिल्ली जनसंघ अध्यक्ष रहे और बाद में 1977 से 1984 तक दो बार दिल्ली भाजपा अध्यक्ष चुने गए। उन्हें केदारनाथ साहनी और मदनलाल खुराना के साथ उन नेताओं में गिना जाता है जिन्होंने मुश्किल समय में भाजपा को दिल्ली में मजबूत बनाए रखा।

उनकी सबसे बड़ी राजनीतिक जीत 1999 के लोकसभा चुनाव में आई, जब उन्होंने दक्षिण दिल्ली सीट से देश के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को भारी मतों से हराया। मल्होत्रा पांच बार सांसद और दो बार विधायक रहे। 2004 के आम चुनाव में वे दिल्ली में भाजपा के एकमात्र विजयी उम्मीदवार बने। अपने लंबे करियर में उन्होंने बेदाग और ईमानदार नेता की छवि बनाए रखी।

3 दिसंबर 1931 को लाहौर में जन्मे मल्होत्रा कविराज खजान चंद की सात संतानों में चौथे थे। राजनीति और समाजसेवा के अलावा उन्होंने हिंदी साहित्य में डॉक्टरेट की उपाधि हासिल की और खेल प्रशासन से भी जुड़े रहे। वे दिल्ली में शतरंज और तीरंदाजी क्लबों के प्रबंधन से गहराई से जुड़े रहे और खेलों के प्रचार-प्रसार में योगदान दिया।