भाजपा नेता के बेटे पर गुंडागर्दी का आरोप, सोसाइटी के सिक्योरिटी गार्ड से मारपीट का वीडियो सामने

मेफिल्ड गार्डन सोसाइटी में सिक्योरिटी गार्ड से मारपीट का वीडियो सामने आया है। आरोपी को भाजपा नेता का बेटा बताया जा रहा है। RWA ने कार्रवाई की मांग की है।

भाजपा नेता के बेटे पर गुंडागर्दी का आरोप, सोसाइटी के सिक्योरिटी गार्ड से मारपीट का वीडियो सामने

मेफिल्ड गार्डन सोसाइटी में गार्ड की पिटाई, CCTV वीडियो आया सामने
RWA और पीड़ित की अलग-अलग शिकायतें, कार्रवाई न होने से आक्रोश
पुलिस जांच का दावा, आरोपी की पहचान पर सस्पेंस बरकरार



मेफिल्ड गार्डन सोसाइटी में सिक्योरिटी गार्ड के साथ मारपीट के मामले में नया मोड़ सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में जो व्यक्ति गार्ड को पीटते हुए दिखाई दे रहा है, उसे भाजपा नेता का बेटा बताया जा रहा है। इस घटना को लेकर सोसाइटी की रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन और पीड़ित सिक्योरिटी गार्ड की ओर से थाने में अलग-अलग शिकायतें दी गई हैं।

वीडियो सामने आने के बावजूद सेक्टर-50 थाने के SHO सुखबीर का कहना है कि सिक्योरिटी गार्ड के साथ मारपीट की शिकायत पर जांच जारी है। कार चालक की पहचान की जा रही है। आरोपी भाजपा नेता का बेटा है या नहीं, इसका खुलासा पूछताछ के बाद ही हो पाएगा।

RWA ने दावा किया कि मॉल के सिक्योरिटी प्रबंधन ने उन्हें धमकी दी है।

RWA एन ब्लॉक की प्रधान प्रज्ञाश्री ने सोसाइटी की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई है। उनका कहना है कि मारपीट की घटना के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई न होने से रेजिडेंट्स में आक्रोश और भय का माहौल है। उन्होंने बताया कि पिछले सप्ताह सोसाइटी के पास बने मॉल के मैनेजर और बाउंसरों द्वारा खुलेआम धमकी देने का मामला भी सामने आया था, जिसके वीडियो पुलिस को सौंपे गए हैं।

RWA ने पुलिस कमिश्नर को ई-मेल भेजकर हजारों निवासियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की मांग की थी। इसके बावजूद न तो मॉल प्रबंधन के खिलाफ कोई कदम उठाया गया और न ही सिक्योरिटी गार्ड के साथ मारपीट करने वाले व्यक्ति पर कार्रवाई हुई। RWA का दावा है कि मॉल के सिक्योरिटी प्रबंधन की ओर से उन्हें धमकियां भी दी गई हैं।

मारपीट के बाद सिक्योरिटी गार्ड ने थाने में शिकायत दी। उसकी शिकायत प्राप्ति की रशीद।

क्या है पूरा मामला
यह घटना 13 दिसंबर को मेफिल्ड गार्डन सोसाइटी के एन ब्लॉक में हुई। एक कार चालक मॉल की ओर जाने वाले रास्ते से गुजर रहा था। जैसे ही कार ब्लॉक की एंट्री पर लगे बूम बैरियर के पास पहुंची, सिक्योरिटी गार्ड गणेश कुमार ने उसे रोक लिया। इसी बात को लेकर कार चालक और गार्ड के बीच बहस हो गई।

जब गणेश ने बूम बैरियर नहीं उठाया, तो कार चालक नीचे उतरा और गाली-गलौज करते हुए गार्ड के साथ हाथापाई करने लगा। आरोप है कि उसने गार्ड को लगातार कई थप्पड़ मारे। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

कार नंबर के आधार पर शिकायत
सिक्योरिटी कंपनी के मालिक शिवम कौशिक ने बताया कि मारपीट की शिकायत पुलिस को दी गई है। शिकायत में कार नंबर HR 72F 3131 का भी उल्लेख किया गया है। पुलिस टीम मामले की जांच कर रही है।