शैलजा को मिलना चाहिए कांग्रेस का नेतृत्व: बीरेंद्र सिंह

पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह ने असंध में कहा कि कांग्रेस का नेतृत्व कुमारी शैलजा को मिलना चाहिए। शमशेर सिंह गोगी के जन्मदिन पर जुटे दिग्गजों ने भाजपा पर साधा निशाना।

शैलजा को मिलना चाहिए कांग्रेस का नेतृत्व: बीरेंद्र सिंह

➤ पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह ने कहा—कुमारी शैलजा को मिलना चाहिए पार्टी का नेतृत्व
➤ पूर्व विधायक शमशेर सिंह गोगी के जन्मदिन समारोह में जुटे कांग्रेस के दिग्गज नेता
➤ भाजपा पर साधा निशाना, कहा—10 साल में किसान, मजदूर, अल्पसंख्यक सब निराश हुए


पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह ने कहा कि आज देश और प्रदेश में जिस पार्टी (भाजपा) का राज है, उसका समय अब बीत चुका है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी चाहते हैं कि ऐसे युवा और महिला चेहरे सामने आएं, जो कांग्रेस को नई दिशा और ऊर्जा दे सकें। इसी कड़ी में बीरेंद्र सिंह ने माना कि कुमारी शैलजा को पार्टी का नेतृत्व मिलना चाहिए।

यह बयान उन्होंने असंध में पूर्व विधायक शमशेर सिंह गोगी के जन्मदिन समारोह में दिया। कार्यक्रम में सांसद कुमारी शैलजा, पूर्व मंत्री कुलदीप शर्मा, पूर्व सांसद अवतार सिंह, विधायक बलराज कुंडू, महिला कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुमित्रा चौहान, ब्लॉक प्रमुख सुशील गुप्ता समेत कई वरिष्ठ कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। बीरेंद्र सिंह ने कहा कि शैलजा ने प्रदेश और देश दोनों स्तर पर कांग्रेस को मजबूत किया है। यदि कांग्रेस उन्हें नेतृत्व सौंपती है, तो युवा और महिला वर्ग में पार्टी को नई ऊर्जा मिलेगी।

बीरेंद्र सिंह ने भाजपा पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि पिछले 10 साल में भाजपा ने किसानों, मजदूरों, अल्पसंख्यकों, एससी, एसटी और ओबीसी समाज को सिर्फ निराश किया है। भाजपा सरकार में सिर्फ विभाजन की राजनीति हुई है। शमशेर सिंह गोगी के जन्मदिन समारोह में शामिल नेताओं ने शैलजा का जोरदार स्वागत किया और उनके लिए समर्थन की आवाज बुलंद की। मंच संचालन सुशील राणा और जितेंद्र शर्मा ने किया।