बिहार में बड़ा बदलाव, नीतीश कुमार ने दिया इस्तीफा, सम्राट चौधरी नए CM!
नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद बिहार में नए मुख्यमंत्री के तौर पर सम्राट चौधरी का नाम सामने आया है। BJP विधायक दल की बैठक में अंतिम फैसला होगा।
➤ नीतीश कुमार ने CM पद से इस्तीफा, 20 साल बाद बड़ा बदलाव
➤ सम्राट चौधरी का नाम नए मुख्यमंत्री के लिए लगभग तय
➤ BJP विधायक दल की बैठक में नाम पर मुहर, NDA देगा अंतिम मंजूरी
बिहार की राजनीति में आज बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। लंबे समय तक राज्य की सत्ता संभालने वाले नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है, जिसके बाद अब नए मुख्यमंत्री के चयन की प्रक्रिया तेज हो गई है।
सूत्रों के अनुसार सम्राट चौधरी का नाम नए मुख्यमंत्री के तौर पर लगभग तय माना जा रहा है। भाजपा विधायक दल की बैठक में उनके नाम पर प्रस्ताव लाया जाएगा, जिसके बाद NDA विधायक दल की बैठक में अंतिम मुहर लगेगी।
इस्तीफे के बाद नीतीश कुमार ने अपने बयान में कहा कि उन्होंने लगातार 20 वर्षों तक बिहार की सेवा की और अब नई सरकार को पूरा सहयोग और मार्गदर्शन देंगे। उन्होंने अपने कार्यकाल में कानून व्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे में किए गए कार्यों का भी जिक्र किया।
इस बीच केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने इसे बिहार के लिए एक अहम दिन बताते हुए कहा कि राज्य अब नई शुरुआत की ओर बढ़ेगा। उन्होंने नीतीश कुमार के कार्यकाल को ‘जंगल राज’ से बाहर निकालने वाला बताया और उम्मीद जताई कि नया नेतृत्व बिहार को विकास की नई दिशा देगा।
वहीं, उपेंद्र कुशवाहा ने सोशल मीडिया के जरिए सम्राट चौधरी को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी, जिससे राजनीतिक गलियारों में हलचल और तेज हो गई है।
पटना में भाजपा विधायक दल की बैठक शुरू हो चुकी है, जिसमें पर्यवेक्षक के तौर पर शिवराज सिंह चौहान समेत पार्टी के केंद्रीय नेता मौजूद हैं। इसी बैठक में विधायक दल का नेता चुना जाएगा, जो बिहार का अगला मुख्यमंत्री बनेगा।
इसके साथ ही बिहार में दो डिप्टी सीएम बनाए जाने की भी चर्चा है। सूत्रों के मुताबिक विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र यादव के नाम सामने आए हैं, हालांकि इस पर आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, यह बदलाव बिहार की सियासत में एक नए दौर की शुरुआत साबित हो सकता है। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि नए मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य किस दिशा में आगे बढ़ेगा।
Akhil Mahajan