दूल्हे के मौसेरे भाई की पीट-पीटकर हत्या, VIDEO सामने आया
भिवानी में दूल्हे के मौसेरे भाई की छेड़छाड़ रोकने पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना का VIDEO सामने आया है, पुलिस ने 6 आरोपियों पर केस दर्ज किया है।
- भिवानी में दूल्हे के मौसेरे भाई की पीट-पीटकर हत्या, VIDEO सामने आया
- युवतियों से छेड़छाड़ रोकने पर हमलावरों ने घर में घुसकर किया हमला
- 6 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज, पुलिस गिरफ्तारी में जुटी
भिवानी — हरियाणा के भिवानी में दूल्हे के मौसेरे भाई की हत्या के मामले में सनसनीखेज VIDEO सामने आया है। वीडियो में आरोपी युवक हाथों में लाठियां लिए नजर आ रहे हैं, जबकि मृतक जमीन पर औंधे मुंह पड़ा हुआ दिखाई दे रहा है और एक महिला उसे संभाल रही है।
घटना में मृतक की पहचान उत्तराखंड के रुड़की निवासी 41 वर्षीय राकेश कुमार के रूप में हुई है। वह एक ट्रैवल एजेंसी में काम करता था और अपने मौसेरे भाई की शादी में शामिल होने भिवानी आया था।
जानकारी के अनुसार, 21 अप्रैल को राजस्थान के सिंघाणा में गई बारात में विवाद शुरू हुआ था। कुछ युवकों ने युवतियों से छेड़छाड़ की, जिस पर राकेश ने उन्हें रोक दिया था। उसी समय मामला शांत हो गया था।
इसके बाद 22 अप्रैल को आरोपी युवक घर में घुस आए और राकेश पर लाठी-डंडों व घूंसे से हमला कर दिया। उस समय घर में राकेश और कुछ अन्य परिजन मौजूद थे।
हमले में गंभीर रूप से घायल राकेश को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, एक अन्य व्यक्ति भी घायल हुआ है, जिसका इलाज जारी है।
मृतक के बेटे रितिक ने दावा किया है कि हमलावरों ने घटना से पहले घर के बाहर रेकी की थी। इस संबंध में सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है।
हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। जाते समय उन्होंने धमकी भी दी। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस ने मृतक के बेटे के बयान पर विक्की, अमित, गौत्तम, सूरज, सुरेंद्र और साहिल सहित अन्य के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है।
बवानीखेड़ा थाना पुलिस के अनुसार, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। मामले की जांच जारी है।
pooja