हरियाणा में लेडी SHO रिश्वत लेते गिरफ्तार, विजिलेंस ने थाने में मारी रेड, सिविल ड्रेस में ₹7 हजार लेते पकड़ी

भिवानी महिला थाना की SHO कमलेश को हिसार एसीबी टीम ने 7 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया। समझौते के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप।

हरियाणा में लेडी SHO रिश्वत लेते गिरफ्तार, विजिलेंस ने थाने में मारी रेड, सिविल ड्रेस में ₹7 हजार लेते पकड़ी
  • भिवानी महिला थाना SHO रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार
  • हिसार ACB टीम ने थाने में मारी रेड
  • समझौते के नाम पर मांगे गए थे 7 हजार रुपए

हरियाणा के भिवानी जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हिसार विजिलेंस एंड एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने महिला थाना की SHO कमलेश को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। एसीबी टीम ने आरोपी SHO के पास से 7 हजार रुपए की रिश्वत राशि बरामद की है। कार्रवाई के बाद पूरे पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।

मंगलवार शाम एसीबी की टीम ने महिला थाना में छापेमारी की। बताया जा रहा है कि उस समय SHO कमलेश सिविल ड्रेस में मौजूद थी। टीम ने रिश्वत के पैसे बरामद करने के साथ कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज भी कब्जे में लिए हैं। कार्रवाई के बाद एसीबी टीम SHO को अपने साथ लेकर चली गई।

सूत्रों के अनुसार महिला थाना में दर्ज एक मामले में समझौता कराने के नाम पर SHO कमलेश ने शिकायतकर्ता से 7 हजार रुपए की मांग की थी। शिकायतकर्ता ने इसकी जानकारी हिसार एसीबी टीम को दी। इसके बाद टीम ने पूरी योजना बनाकर ट्रैप लगाया।

मंगलवार शाम शिकायतकर्ता को महिला थाना बुलाया गया। जैसे ही SHO ने रिश्वत की रकम ली, पहले से मौजूद एसीबी टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने पूरे घटनाक्रम की पुष्टि की।

एसीबी अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है। रिश्वत से जुड़े अन्य पहलुओं और दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है। इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।

गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले ही सोनीपत में एसीबी ने बिजली विभाग के एक JE और ठेकेदार को डेढ़ लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था। आरोप था कि नया बिजली कनेक्शन जारी करने और लाइन लगाने के बदले रिश्वत मांगी गई थी। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से सरकारी विभागों में सतर्कता बढ़ गई है।