भीषण गर्मी में फूटा लोगों का गुस्सा, बिजली-पानी संकट पर भिवानी में सड़क जाम

भिवानी में बिजली कटौती और पेयजल संकट से परेशान लोगों ने सरकूलर रोड पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। लोगों ने चेतावनी दी कि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो मंत्री का घेराव किया जाएगा।

भीषण गर्मी में फूटा लोगों का गुस्सा, बिजली-पानी संकट पर भिवानी में सड़क जाम

बिजली कटौती और पेयजल संकट से परेशान लोगों ने लगाया जाम
हनुमान ढाणी चौक और हनुमान गेट चौक पर थमा यातायात
समस्या दूर नहीं हुई तो मंत्री के घेराव की दी चेतावनी


भिवानी। हरियाणा के भिवानी शहर में लगातार हो रही बिजली कटौती और पेयजल संकट से परेशान लोगों का रविवार को सब्र टूट गया। गुस्साए लोगों ने सरकूलर रोड स्थित हनुमान ढाणी चौक और हनुमान गेट चौक पर सड़क जाम कर बिजली विभाग और प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पिछले कई दिनों से रात के समय घंटों बिजली गुल रहती है, जबकि पीने के पानी की सप्लाई भी नियमित नहीं हो रही। भीषण गर्मी के बीच लोगों को पूरी रात जागकर गुजारनी पड़ रही है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि लंबे बिजली कट के कारण सबसे अधिक परेशानी छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को उठानी पड़ रही है। वहीं कई घरों में पीने के लिए भी पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं है। लगातार शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने पर लोगों ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया।

मौके पर पहुंचे बिजली निगम के एसडीओ लोगों को समझाते हुए।

'रात 10 बजे बिजली काट देते हैं, सुबह 3 बजे आती है'

वार्ड-25 के पार्षद विनोद प्रजापति ने बताया कि करीब 15 से 20 दिन पहले भी समाधान शिविर में इस समस्या की शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि पतराम गेट से हालू बाजार के बीच के क्षेत्र में रोजाना रात 10 बजे बिजली काट दी जाती है, जो सुबह करीब 3 बजे ही बहाल होती है। ऑनलाइन और ऑफलाइन शिकायतों के बावजूद विभाग ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया।

हंगामा करते स्थानीय लोग।

पीने के पानी की जगह मिल रहा गंदा पानी

प्रदर्शनकारियों ने बताया कि जहां पानी की सप्लाई हो भी रही है, वहां गंदा और दूषित पानी आ रहा है, जो पीने योग्य नहीं है। लोगों का कहना है कि इस समस्या से भी कई बार विभाग को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला।

मौके पर पहुंचे बिजली निगम के अधिकारी

जाम की सूचना मिलते ही बिजली निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत की। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि दो से ढाई घंटे के भीतर समस्या के समाधान का प्रयास किया जाएगा और आगे रात के समय अनावश्यक बिजली कटौती नहीं होने दी जाएगी।

'समस्या नहीं सुलझी तो मंत्री का होगा घेराव'

स्थानीय लोगों और पार्षद विनोद प्रजापति ने चेतावनी दी कि यदि जल्द बिजली और पानी की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ और रात में कटौती जारी रही, तो भिवानी दौरे पर आने वाले मंत्री राजेश नागर का घेराव किया जाएगा। उनका कहना है कि अब लोग सिर्फ आश्वासन नहीं, बल्कि स्थायी समाधान चाहते हैं।