भिवानी में पानी को लेकर महिलाओं का प्रदर्शन, एक्सईएन कार्यालय पहुंचीं; बोलीं- टैंकर खरीदने को मजबूर
भिवानी की देव नगर कॉलोनी में दो महीने से पेयजल संकट बना हुआ है। परेशान महिलाओं ने एक्सईएन कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और समस्या के समाधान की मांग उठाई।
➤ भिवानी की देव नगर कॉलोनी में दो महीने से पेयजल संकट
➤ महिलाओं ने एक्सईएन कार्यालय पहुंचकर किया विरोध प्रदर्शन
➤ पानी नहीं मिलने पर निजी टैंकर खरीदने को मजबूर कॉलोनीवासी
भिवानी की देव नगर कॉलोनी में पेयजल संकट को लेकर महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। शुक्रवार को बड़ी संख्या में महिलाएं पब्लिक हेल्थ विभाग के एक्सईएन कार्यालय पहुंचीं और पानी की समस्या के समाधान की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। महिलाओं का कहना है कि पिछले करीब एक से दो महीने से कॉलोनी में पीने के पानी की गंभीर समस्या बनी हुई है, जिसके कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
देव नगर निवासी शकुंतला प्रधान ने बताया कि कॉलोनी में पानी की सप्लाई पूरी तरह असंतुलित है। कुछ घरों में जरूरत से ज्यादा पानी पहुंच रहा है, जबकि कई घर ऐसे हैं जहां एक बूंद पानी तक नहीं पहुंचता। उन्होंने कहा कि इसी समस्या को लेकर कॉलोनी की महिलाएं एकजुट होकर अधिकारियों के पास पहुंची हैं और सरकार से मांग की है कि जल्द से जल्द पानी की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए।
उन्होंने कहा कि यदि नियमित जलापूर्ति संभव नहीं है तो प्रशासन कॉलोनी में पानी के टैंकर उपलब्ध करवाए। प्रदर्शन के बाद पब्लिक हेल्थ विभाग के एक्सईएन और अन्य अधिकारियों ने देव नगर कॉलोनी का दौरा करने का आश्वासन दिया। बाद में अधिकारी मौके पर पहुंचे और जल्द समाधान का भरोसा दिलाया।
शकुंतला प्रधान ने बताया कि क्षेत्र में बूस्टर की कमी मुख्य कारण है। उनका कहना है कि जब तक देव नगर में नया बूस्टर नहीं बनेगा, तब तक पानी की समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो महिलाएं आगे भी आंदोलन जारी रखेंगी।
देव नगर निवासी रोशनी ने आरोप लगाया कि कॉलोनी में मुख्य पाइपलाइन तो बिछाई गई है, लेकिन उसमें पर्याप्त पानी नहीं आता। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने अवैध कनेक्शन ले रखे हैं, जिससे सप्लाई प्रभावित हो रही है। ऐसे कनेक्शनों को हटाया जाना चाहिए और क्षेत्र में नया बूस्टर स्थापित किया जाना चाहिए।
रोशनी ने कहा कि कॉलोनी के लोगों को पीने का पानी तक नसीब नहीं हो रहा। चुनाव के समय नेता वोट मांगने आते हैं, लेकिन बाद में मूलभूत सुविधाओं की समस्याओं पर ध्यान नहीं देते।
वहीं सावित्री देवी ने बताया कि पानी की किल्लत के कारण लोगों को निजी टैंकर खरीदकर पानी मंगवाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले करीब दो महीने से पानी की सप्लाई बाधित है, जिससे घरेलू कार्यों के साथ-साथ पीने के पानी की भी समस्या खड़ी हो गई है।
राजबाला ने कहा कि उनके घरों में सप्लाई का पानी नहीं पहुंच रहा। बार-बार अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है। मजबूरी में परिवारों को पैसे खर्च कर टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से जल्द और स्थायी समाधान की मांग की।
Akhil Mahajan