Video: सांड का आतंक, हमला में पांच किसान घायल, दो जान बचाने के लिए पेड़ पर चढ़े , नहीं तो...

बवानी खेड़ा क्षेत्र के कई गांवों में आक्रामक सांड से दहशत फैल गई। खेतों में काम कर रहे किसानों पर हमला हुआ। गौ रक्षक टीम भिवानी ने समय रहते सांड को काबू में लिया।

Video: सांड का आतंक,  हमला में पांच किसान घायल, दो जान बचाने के लिए पेड़ पर चढ़े , नहीं तो...

➤ बवानी खेड़ा क्षेत्र में आक्रामक सांड से किसानों की जान पर बनी आफत
➤ खेतों में काम कर रहे लोगों पर हमला, चार–पांच लोग गंभीर रूप से घायल
➤ गौ रक्षक टीम भिवानी ने मौके पर पहुंचकर सांड को सुरक्षित काबू में लिया



बवानी खेड़ा क्षेत्र के गांव खेड़ी, पुर सहित आसपास के चार–पांच गांवों में एक आक्रामक खाखड़ (सांड) किसानों के लिए जानलेवा खतरा बन गया। खेतों में काम कर रहे लोगों पर सांड के अचानक हमलों से पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

घटना से जुड़ा एक वीडियो सामने आया है। पहली नजर में वीडियो सामान्य लगता है, लेकिन जब उसे ध्यान से ज़ूम करके देखा जाता है, तो सच्चाई सामने आती है। वीडियो में साफ दिखाई देता है कि दो लोग अपनी जान बचाने के लिए पेड़ पर चढ़े हुए हैं, जबकि नीचे खतरनाक सांड खड़ा है। यह कोई शौक नहीं था, बल्कि जान बचाने की मजबूरी थी।

ग्रामीणों के अनुसार, यह सांड इतना आक्रामक हो चुका था कि खेतों में काम करना मुश्किल हो गया था। सांड के हमले में चार–पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल किसानों की हालत को देखते हुए ग्रामीणों में भय और आक्रोश दोनों देखने को मिला।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन और गौ रक्षक दल से संपर्क किया गया। सूचना मिलते ही गौ रक्षक टीम भिवानी बिना देरी किए मौके पर पहुंची। टीम ने साहस और सूझबूझ के साथ इस खतरनाक खाखड़ को काबू में किया और सुरक्षित रूप से भिवानी ले गई

इस पूरे अभियान में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। बवानी खेड़ा क्षेत्र के चेयरमैन सुंदर अत्री ने इस त्वरित और मानवता से भरे कार्य के लिए गौ रक्षक टीम भिवानी का आभार जताया।

सुंदर अत्री ने कहा कि बवानी खेड़ा, खेड़ी और पुर गांव की समस्त जनता की ओर से संजय परमार और पूरी गौ रक्षक टीम भिवानी को हृदय से धन्यवाद दिया जाता है। उन्होंने कहा कि ऐसे समय पर त्वरित कार्रवाई ने कई लोगों की जान बचाई है।