कारोबारी की दिनदहाड़े गोली माकरकर हत्या, लॉरेंस गैंग ने ली जिम्मेदारी
दिल्ली के बवाना औद्योगिक क्षेत्र में कारोबारी वैभव गांधी की हत्या के बाद लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। पुलिस दावे की प्रामाणिकता की जांच कर रही है।
➤ सोशल मीडिया पोस्ट में लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी
➤ कारोबारी वैभव गांधी की गोली मारकर हत्या से दहशत
➤ दावे की जांच में जुटी पुलिस, कई टीमें गठित
राजधानी दिल्ली के बवाना औद्योगिक क्षेत्र में कारोबारी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या के एक दिन बाद इस सनसनीखेज वारदात ने नया मोड़ ले लिया है। मंगलवार को लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। पुलिस ने इस पोस्ट की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है और दावे की प्रामाणिकता के साथ-साथ हमलावरों की पहचान के लिए कई विशेष टीमें गठित की गई हैं। घटना के बाद पूरे औद्योगिक क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार, यह पोस्ट ‘रणदीप मलिक अनिल पंडित’ नामक अकाउंट से शेयर की गई है। पोस्ट में दावा किया गया है कि यह हत्या लॉरेंस बिश्नोई, जितेंद्र गोगी मान, हाशिम बाबा और काला राणा गिरोह के इशारे पर अंजाम दी गई। पोस्ट में आरोप लगाया गया कि कारोबारी वैभव गांधी गिरोह की गतिविधियों में हस्तक्षेप कर रहा था, जिसके चलते उसे निशाना बनाया गया। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस पोस्ट की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और तकनीकी जांच के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि पोस्ट असली है या फर्जी।
सूत्रों के अनुसार, वारदात को अंजाम देने वाले हमलावर पहले से रेकी कर रहे थे। घटना के बाद से इलाके में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साइबर सेल की टीम सोशल मीडिया अकाउंट की लोकेशन और उसकी डिजिटल ट्रेल खंगाल रही है ताकि पोस्ट करने वाले तक पहुंचा जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गैंगवार या आपराधिक रंजिश की एंगल से भी जांच की जा रही है। फिलहाल किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। कारोबारी की हत्या ने एक बार फिर राजधानी में सक्रिय गैंग नेटवर्क और उनके बढ़ते दुस्साहस को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Akhil Mahajan