टटीरी सॉन्ग को लेकर रैपर बादशाह पर केस: पंचकूला में FIR, महिला आयोग ने 13 मार्च को तलब किया

रैपर बादशाह के हरियाणवी फोक सॉन्ग ‘टटीरी’ को लेकर पंचकूला में FIR दर्ज हुई है। गाने में स्कूल यूनिफॉर्म पहनी लड़कियों के दृश्य और आपत्तिजनक शब्दों पर विवाद के बाद हरियाणा महिला आयोग ने बादशाह को 13 मार्च को पेश होने का नोटिस भेजा है।

टटीरी सॉन्ग को लेकर रैपर बादशाह पर केस: पंचकूला में FIR, महिला आयोग ने 13 मार्च को तलब किया

➤ टटीरी गाने को लेकर पंचकूला साइबर थाने में मामला दर्ज
➤ स्कूल यूनिफॉर्म में लड़कियों को दिखाने और आपत्तिजनक शब्दों पर विवाद
➤ हरियाणा महिला आयोग ने रैपर बादशाह को 13 मार्च को पेश होने का नोटिस दिया


पंचकूला। बॉलीवुड के चर्चित रैपर और सिंगर Badshah के नए हरियाणवी फोक सॉन्ग ‘टटीरी’ को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। गाने में इस्तेमाल किए गए शब्दों और कुछ दृश्यों पर आपत्ति जताते हुए पंचकूला के सेक्टर-20 स्थित साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज करवाई गई है। पुलिस ने फिलहाल अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

विवाद उस लाइन को लेकर बढ़ा है जिसमें “आया बादशाह डोली चढ़ाने, इन सबकी घोड़ी बनाने” जैसे शब्द इस्तेमाल किए गए हैं। इसके अलावा गाने में स्कूल यूनिफॉर्म पहनी लड़कियों को स्कूल बैग फेंकते हुए दिखाया गया, जिस पर कई सामाजिक संगठनों ने आपत्ति जताई है और इसे समाज के लिए गलत संदेश देने वाला बताया है।

इस विवाद के बाद Haryana State Commission for Women ने भी मामले का संज्ञान लिया है। पानीपत की नारी तू नारायणी उत्थान समिति की अध्यक्ष सविता आर्या और शिव आरती इंडिया फाउंडेशन के प्रमुख शिव कुमार की शिकायत पर आयोग ने रैपर बादशाह को 13 मार्च को अपना पक्ष रखने के लिए तलब किया है।

इन धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज


आयोग की अध्यक्ष Renu Bhatia ने नोटिस जारी करते हुए कहा कि गाने में कथित तौर पर ऐसे शब्दों और दृश्य का इस्तेमाल किया गया है जो महिलाओं की गरिमा और समाजिक मूल्यों को ठेस पहुंचा सकते हैं। इसलिए मामले की सुनवाई के लिए बादशाह को पानीपत के डीसी ऑफिस के कॉन्फ्रेंस हॉल में सुबह 11:30 बजे उपस्थित होने को कहा गया है।

पंचकूला के चंडी मंदिर क्षेत्र के निवासी अभय चौधरी ने साइबर क्राइम थाने में दी शिकायत में कहा कि यह गाना सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर तेजी से वायरल हो रहा है। शिकायत के अनुसार गाने में “पाठशाला” शब्द को “बैडशाला” कहकर दिखाया गया, जिसे स्कूल और शिक्षा व्यवस्था का अपमान बताया गया है।

शिकायतकर्ताओं का कहना है कि स्कूल की वर्दी में लड़कियों को दिखाकर आपत्तिजनक लाइनें जोड़ना समाज में गलत संदेश दे सकता है। उन्होंने मांग की है कि गाने को प्रसारित होने से रोका जाए और संबंधित कलाकारों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

बताया जा रहा है कि ‘टटीरी’ गाना 1 मार्च को रिलीज हुआ था और कुछ ही दिनों में यह यूट्यूब पर तेजी से वायरल हो गया। गाने को अब तक 40 लाख से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं। इस गाने में कैथल की बॉक्सर और सिंगर सिमरन जागलान ने भी अपनी आवाज दी है, जो हरियाणवी गायक कर्मबीर फौजी की बेटी हैं। फिलहाल पुलिस और महिला आयोग दोनों स्तर पर मामले की जांच और सुनवाई की प्रक्रिया जारी है।