टटीरी सॉन्ग विवाद: बादशाह से एक घंटे पूछताछ: बयान दर्ज कराने चुपके से पहुंचे- महिला आयोग चेयरपर्सन बोलीं- पेश हो जाता तो, ये नौबत न आती

टटीरी सॉन्ग विवाद में सिंगर बादशाह से पंचकूला पुलिस ने पूछताछ की, हाईकोर्ट से राहत मिली लेकिन जांच जारी है।

टटीरी सॉन्ग विवाद:  बादशाह से एक घंटे पूछताछ: बयान दर्ज कराने चुपके से पहुंचे- महिला आयोग चेयरपर्सन बोलीं- पेश हो जाता तो, ये नौबत न आती

■ टटीरी सॉन्ग विवाद में बादशाह से एक घंटे पूछताछ
महिला आयोग और पुलिस के एक्शन के बाद जांच तेज
हाईकोर्ट से गिरफ्तारी पर रोक, बेल पर छोड़ा गया सिंगर



सिरसा/पंचकूला। हरियाणा में चर्चित ‘टटीरी सॉन्ग’ विवाद में सिंगर Badshah गुरुवार को पंचकूला पुलिस की जांच में शामिल हुए। साइबर थाना पुलिस ने उनसे करीब एक घंटे तक पूछताछ की, जिसके बाद उन्हें जमानत पर छोड़ दिया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सिंगर के खिलाफ दर्ज सभी धाराएं जमानती हैं और गिरफ्तारी पर फिलहाल रोक लगी हुई है।

पंचकूला साइबर थाना के एसएचओ युद्धवीर के मुताबिक, सिंगर के खिलाफ बीएनएस की धारा 296 और महिलाओं की लज्जा भंग से संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। जांच में शामिल होने के बाद पुलिस ने उनके खिलाफ जारी लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) भी वापस ले लिया है। हालांकि जरूरत पड़ने पर उन्हें दोबारा पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है।

इस पूरे मामले में हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन रेणु भाटिया ने कहा कि आयोग चाहता था कि सिंगर पहले ही नोटिस मिलने पर पेश हो जाते, तो यह स्थिति नहीं बनती। उन्होंने साफ किया कि कानून के दायरे में कार्रवाई जारी रहेगी।

सिंगर के एडवोकेट अक्षय दहिया ने कहा कि वे बादशाह की तरफ से पेश हुए। (फाइल)

इस बीच पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट ने भी सिंगर को राहत देते हुए उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है। हालांकि कोर्ट ने शर्त रखी है कि सिंगर को जांच में पूरा सहयोग करना होगा। इससे पहले महिला आयोग ने 13 मार्च को पानीपत में पेश न होने पर उनकी गिरफ्तारी और पासपोर्ट जब्त करने के निर्देश दिए थे।

पूछताछ के दौरान सिंगर ने पुलिस को बताया कि गाने की शूटिंग में इस्तेमाल हुई रोडवेज बस और स्कूल लोकेशन को लेकर उन्हें कोई सीधी जानकारी नहीं थी। उन्होंने कहा कि इन व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सिनेमैटोग्राफर की थी। अब पुलिस इस मामले में सिनेमैटोग्राफर और कोरियोग्राफर को नोटिस भेजकर पूछताछ करने की तैयारी कर रही है, खासकर स्कूल यूनिफॉर्म में दिख रही लड़कियों की उम्र और शूटिंग अनुमति को लेकर जांच की जाएगी।

दरअसल, यह विवाद 1 मार्च को गाना रिलीज होने के बाद शुरू हुआ था। गाने के कुछ लिरिक्स और वीडियो में दिखाए गए दृश्यों को लेकर कई सामाजिक संगठनों ने आपत्ति जताई थी। आरोप था कि इसमें महिलाओं को आपत्तिजनक तरीके से पेश किया गया है। इसके अलावा बिना अनुमति सरकारी बस और स्कूल में शूटिंग करने के आरोप भी लगे।

गाने की शूटिंग हरियाणा के जींद जिले के सच्चा खेड़ा और नरवाना क्षेत्र के साथ-साथ दुबई में भी की गई थी। विवाद बढ़ने के बाद पुलिस ने गाने को यूट्यूब से हटवा दिया और जींद व पंचकूला में एफआईआर दर्ज की गई।फिलहाल, इस पूरे मामले में जांच जारी है और आने वाले दिनों में और लोगों से पूछताछ की संभावना जताई जा रही है।