‘टटीरी’ गाने पर बढ़ा विवाद: अब हरियाणा बाल आयोग ने बादशाह को भेजा नोटिस, 7 दिन में मांगा जवाब

बादशाह के नए गाने ‘टटीरी’ को लेकर विवाद बढ़ गया है। हरियाणा राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने स्कूली बच्चों के चित्रण पर आपत्ति जताते हुए बादशाह और वीडियो के निर्देशकों को नोटिस भेजा है।

‘टटीरी’ गाने पर बढ़ा विवाद: अब हरियाणा बाल आयोग ने बादशाह को भेजा नोटिस, 7 दिन में मांगा जवाब

➤ ‘टटीरी’ गाने में स्कूली बच्चों के चित्रण पर हरियाणा बाल आयोग सख्त
➤ रेपर बादशाह समेत निर्देशकों और प्रोडक्शन हाउस को भेजा नोटिस
➤ यूट्यूब से हटाया गया विवादित म्यूजिक वीडियो


हरियाणा में मशहूर बॉलीवुड रेपर और सिंगर Badshah की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। हरियाणा राज्य महिला आयोग के बाद अब Haryana State Commission for Protection of Child Rights ने भी उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। आयोग ने हाल ही में रिलीज हुए म्यूजिक वीडियो ‘टटीरी’ को लेकर नोटिस जारी किया है।

बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने आरोप लगाया है कि इस म्यूजिक वीडियो में स्कूली बच्चों और शिक्षा के प्रति उनके व्यवहार को गलत तरीके से दिखाया गया है। आयोग ने इस मामले में बादशाह के साथ-साथ वीडियो के निर्देशकों को भी नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। नोटिस ईमेल और आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल के माध्यम से भेजा गया है, जिसे आयोग ने पर्याप्त तामील माना है।

टटीरी गाने के मुख्य फोटो।

वीडियो के कुछ दृश्य पर उठे सवाल

आयोग के मुताबिक ‘टटीरी’ गाने के वीडियो में ऐसे कई दृश्य दिखाए गए हैं जो बच्चों के मनोविज्ञान और सामाजिक मूल्यों के खिलाफ माने जा रहे हैं। इस गाने के रिलीज होने के बाद आयोग को कई शिकायतें प्राप्त हुई थीं। इन शिकायतों के आधार पर आयोग ने स्वयं संज्ञान लेते हुए कार्रवाई शुरू की।

शिकायतों में कहा गया है कि वीडियो में कुछ ऐसे दृश्य फिल्माए गए हैं जिनसे छात्रों में अनुशासनहीनता को बढ़ावा मिलने की आशंका है। आरोप है कि वीडियो में बच्चों को स्कूल बैग फेंकते हुए, पढ़ाई के प्रति उदासीनता दिखाते हुए और चलती बस में नाचते-गाते हुए दिखाया गया है, जो खतरनाक होने के साथ-साथ गलत संदेश भी दे सकता है।

बादशाह ने सोनीपत के गांव असदपुर नांदनोर में टटारी सॉन्ग का प्रमोशन किया था। (फाइल)

आयोग की मुख्य आपत्तियां

आयोग ने अपने नोटिस में वीडियो से जुड़ी कई आपत्तियां दर्ज की हैं। इनमें सबसे बड़ी आपत्ति स्कूली वर्दी के इस्तेमाल को लेकर जताई गई है। आयोग का कहना है कि कलाकारों को स्कूल यूनिफॉर्म में दिखाना शैक्षणिक संस्थानों की गरिमा से जुड़ा विषय है।

इसके अलावा वीडियो में छात्रों को अनुशासनहीन व्यवहार करते हुए दिखाया गया है। कुछ दृश्यों में बच्चों को चलती बस में नाचते और हुड़दंग करते हुए दिखाया गया है, जिसे आयोग ने जोखिम भरा और समाज में गलत संदेश देने वाला बताया है। शिकायतों में यह भी कहा गया है कि गाने के कुछ बोल और दृश्य बच्चों के लिए अनुपयुक्त हैं और उनमें अभद्र भाषा या हिंसा का संकेत मिलता है।

इन लोगों को भेजा गया नोटिस

आयोग ने सीपीआरसी अधिनियम 2005 की धारा 13 (1)(c) और (i) के तहत अपनी शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए कई लोगों को नोटिस जारी किया है। इनमें बादशाह यानी आदित्य प्रतीक सिंह सिसोदिया को टीएम वेंचर्स के माध्यम से नोटिस भेजा गया है।

इसके अलावा म्यूजिक वीडियो के निर्देशक माही संधू और जोबन संधू, प्रोडक्शन हाउस बटुगेदरप्रोस और टीएम वेंचर्स के सीईओ व सह-संस्थापक आलाप गोशर को भी नोटिस जारी किया गया है।

आयोग का तर्क और कानूनी आधार

आयोग का कहना है कि मनोरंजन के नाम पर बच्चों के भविष्य और उनके नैतिक विकास के साथ खिलवाड़ नहीं किया जा सकता। बादशाह जैसे बड़े कलाकार के करोड़ों फॉलोअर्स हैं, जिनमें बड़ी संख्या स्कूली बच्चों की भी है। ऐसे में इस तरह की सामग्री छात्रों को पढ़ाई से दूर होने या स्कूल में अनुशासनहीन व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित कर सकती है।

यूट्यूब से हटाया गया गाना

विवाद बढ़ने के बाद ‘टटीरी’ गाने को यूट्यूब से हटा दिया गया है। आयोग ने सभी संबंधित पक्षों को अपना स्पष्टीकरण देने के लिए 7 दिन का समय दिया है। तय समय के भीतर संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर आगे की कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।