बुर्के में ज्वेलरी लूटने वाली लड़की गिरफ्तार, पहली तस्वीर सामने बॉयफ्रेंड संग मिलकर रची साजिश, 3.6 लाख के गहने लूटे

अयोध्या में बुर्का पहनकर ज्वेलरी शॉप में लूट करने वाली लड़की पायल गिरफ्तार, बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर की वारदात, CCTV से खुला मामला।

बुर्के में ज्वेलरी लूटने वाली लड़की गिरफ्तार, पहली तस्वीर सामने बॉयफ्रेंड संग मिलकर रची साजिश, 3.6 लाख के गहने लूटे

बुर्के में ज्वेलरी लूट की आरोपी लड़की गिरफ्तार
बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर बनाई थी पूरी प्लानिंग
CCTV फुटेज और तकनीकी जांच से खुला मामला


उत्तर प्रदेश के अयोध्या में दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप में हुई लूट के मामले में आरोपी लड़की पायल (25) की पहली तस्वीर सामने आई है। पुलिस के अनुसार, पायल ने अपने बॉयफ्रेंड राहुल (27) के साथ मिलकर पूरी वारदात को अंजाम दिया था और लूट के बाद उसके साथ भागने की योजना बना रखी थी। दोनों को पुलिस ने अयोध्या से सटे बाराबंकी बॉर्डर से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि पायल ने वारदात से पहले तीन दिन तक बाजार में घूमकर ज्वेलरी शॉप की रेकी की थी। 2 अप्रैल को उसने पहचान छिपाने के लिए अपनी सहेली से बुर्का लिया और उसी में दुकान पहुंची। दुकान में उसने पहले ग्राहक बनकर सोने का हार और चेन दिखाने को कहा, फिर मौके का फायदा उठाकर करीब 3.6 लाख रुपए के गहने लूट लिए।

घटना के दौरान पायल ने नकली पिस्टल (खिलौना बंदूक) का इस्तेमाल कर दुकानदार को डराया और मौके से फरार हो गई। दुकान के बाहर उसका बॉयफ्रेंड राहुल बाइक लेकर खड़ा था, जिसके साथ वह भाग निकली। पूरी वारदात दुकान और आसपास लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की।

पुलिस ने करीब 60 CCTV फुटेज खंगालकर बाइक का नंबर ट्रेस किया और उसके आधार पर आरोपियों तक पहुंची। पहले राहुल को पकड़ा गया, फिर उसकी निशानदेही पर पायल को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने लूटे गए गहने और नकली पिस्टल भी बरामद कर ली है।

जानकारी के मुताबिक, पायल की शादी पिछले साल हो चुकी थी और वह चार महीने की गर्भवती है। उसका पति पंजाब में नौकरी करता है। पायल अपने मायके परीक्षा देने आई थी और इसी दौरान उसने यह वारदात अंजाम दी। परिजनों का कहना है कि वह बचपन से जिद्दी स्वभाव की थी और अक्सर अपने मन की करती थी।

पुलिस का दावा है कि दोनों आरोपी लूट के बाद फरार होकर नई जिंदगी शुरू करने की योजना बना रहे थे। फिलहाल दोनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।