हिसार में सेना का ड्रोन गिरा, जांच जारी

हिसार के हांसी में बिनौला मिल की छत पर सेना का ड्रोन गिरा। तकनीकी खराबी की आशंका। पुलिस और सेना ने ड्रोन कब्जे में लेकर जांच शुरू की। कोई नुकसान नहीं हुआ।

हिसार में सेना का ड्रोन गिरा,  जांच जारी
  • हिसार हांसी में आर्मी ड्रोन गिरा

  • बिनौला मिल की छत पर दुर्घटनाग्रस्त, तकनीकी खराबी की आशंका

  • पुलिस और सेना ने ड्रोन कब्जे में लेकर जांच शुरू की



हरियाणा के हिसार जिले के हांसी में गुरुवार सुबह खल बिनौला मिल की छत पर सेना का एक ड्रोन गिर गया। ड्रोन गिरते ही मिल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। प्रबंधन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद डीएसपी विनोद शंकर सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि ड्रोन उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी की वजह से अपने निर्धारित रूट से भटक गया और मिल की छत पर आ गिरा। घटना की जानकारी मिलने पर सेना विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और ड्रोन को कब्जे में लेकर विस्तृत जांच शुरू की।

प्रत्यक्षदर्शी और मिल के अकाउंटेंट प्रेम ने बताया कि घटना सुबह करीब 9:30 बजे हुई। अचानक जोरदार आवाज आने पर कर्मचारी घबरा गए और बाहर निकलकर स्थिति देखी। उन्होंने बताया कि सेना के अधिकारी ड्रोन को जांच के लिए अपने साथ ले गए।

पुलिस के अनुसार तकनीकी खराबी की अंतिम पुष्टि सेना द्वारा की जाएगी। स्थानीय स्तर पर सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। घटना में किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ लेकिन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आसपास के क्षेत्र की जांच की गई।