राजनाथ सिंह के साथ नहीं जाने दिया.. और अनिल विज मांगते रह गए लिफ्ट, नहीं रुकी गाड़ी

Anil Vij, Kurukshetra, Geeta Mahotsav, Haryana Minister, Naveen Jindal, Car Incident, Lift Issue, Haryana News

राजनाथ सिंह के साथ नहीं जाने दिया.. और अनिल विज  मांगते रह गए लिफ्ट, नहीं रुकी गाड़ी


• कुरुक्षेत्र में मंत्री अनिल विज सड़क किनारे गाड़ियों को हाथ देते दिखे
• कोई कार नहीं रुकी, बाद में नवीन जिंदल के काफिले की गाड़ी से गए
• IGM कार्यक्रम में रक्षा मंत्री के साथ पहुंचे थे विज



हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज सोमवार को कुरुक्षेत्र में सड़क किनारे गाड़ियों को हाथ देकर लिफ्ट मांगते नजर आए। ब्रह्मसरोवर पर अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के शुभारंभ के बाद जब रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह विश्वविद्यालय के लिए रवाना हुए, तो मंत्री अनिल विज KDB कार्यालय के बाहर खड़े होकर गुजरती कारों को रुकवाने का प्रयास करते रहे।

अनिल विज के लिए गाड़ी रुकवाने की कोशिश करता सांसद जिंदल का स्टाफ।

गाड़ियों को रोकने के लिए विज बार-बार हाथ देते रहे, लेकिन कोई भी वाहन उनके लिए नहीं रुका। इस दौरान कुरुक्षेत्र लोकसभा क्षेत्र के सांसद नवीन जिंदल का स्टाफ भी मंत्री के लिए गाड़ी रुकवाने की कोशिश करता रहा। पास से गुजरती एक कार उन्होंने रोकी, लेकिन उसमें बैठे व्यक्ति ने उन्हें पीछे से आने वाली गाड़ी में बैठने का इशारा कर दिया।

विज द्वारा रोकी गई गाड़ी में बैठे व्यक्ति ने उन्हें पिछली गाड़ी में आने का इशारा किया।

कुछ देर की मशक्कत के बाद नवीन जिंदल के काफिले की एक गाड़ी रुकी। गाड़ी की अगली सीट पर बैठे व्यक्ति को नीचे उतारा गया और मंत्री अनिल विज को उस सीट पर बैठाकर विश्वविद्यालय के लिए रवाना किया गया।

काफी देर की मशक्कत के बाद अनिल विज के लिए गाड़ी रुकी, जिसकी आगे की सीट पर बैठकर वो रवाना हुए।

मामले के अनुसार रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ब्रह्मसरोवर पर पूजा-अर्चना की और गीता महोत्सव व हरियाणा पवेलियन का शुभारंभ किया था। इसके बाद उन्हें कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के अंतर्राष्ट्रीय गीता सेमिनार में जाना था। उनके साथ सांसद नवीन जिंदल, मंत्री कृष्ण बेदी और अनिल विज भी मौजूद थे।

रक्षा मंत्री के विश्वविद्यालय रवाना होने के बाद मंत्री अनिल विज को अपने लिए गाड़ी की प्रतीक्षा करनी पड़ी। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार कुछ देर गाड़ी न मिलने पर विज थोड़े नाराज भी दिखाई दिए। बाद में जिंदल के स्टाफ ने व्यवस्था करवाई तो विज गाड़ी में बैठकर कार्यक्रम स्थल की ओर रवाना हुए।