अमेरिका में पकड़ा गया लॉरेंस–गोदारा गैंग का फाइनेंसर अमित शर्मा

एजीटीएफ की सूचना पर सीबीआई और इंटरपोल की मदद से अमेरिका के कैलिफोर्निया में लॉरेंस विश्नोई रोहित गोदारा गैंग से जुड़े गैंगस्टर अमित शर्मा को गिरफ्तार किया गया प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू

अमेरिका में पकड़ा गया लॉरेंस–गोदारा गैंग का फाइनेंसर अमित शर्मा

अमित शर्मा अमेरिका में गिरफ्तार
एजीटीएफ, सीबीआई और इंटरपोल की संयुक्त बड़ी कार्रवाई
हवाला और ड्रग्स नेटवर्क की कड़ियां खुलने की उम्मीद



जयपुर से बड़ी खबर आई है जहां संगठित अपराध और गैंगस्टर नेटवर्क पर नकेल कसने के लिए गठित एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है एजीटीएफ की जानकारी पर कार्रवाई करते हुए सीबीआई और इंटरपोल की मदद से अमेरिका के कैलिफोर्निया से लॉरेंस विश्नोई और रोहित गोदारा गैंग से जुड़ा गैंगस्टर अमित शर्मा उर्फ सुल्तान उर्फ जैक पंडित गिरफ्तार कर लिया गया है फिलहाल उसे अमेरिकी जेल में रखा गया है और भारत वापस लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है

एजीटीएफ के क्राइम ब्रांच के एडीजी दिनेश एमएन ने जयपुर पुलिस मुख्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि अमित शर्मा गैंग का अहम फाइनेंसर और संचालक था जो विदेशों में बैठकर गैंग के लिए आपराधिक गतिविधियां चला रहा था वह हवाला के जरिए फिरौती की रकम विदेशों में रिसीव करता था और गैंग के गुर्गों तक वह रकम अलग अलग रास्तों से पहुंचाता था इसके साथ ही वह बदमाशों को भारत से विदेश फरारी कटवाने और उनके लिए फर्जी पासपोर्ट व पहचान पत्र तैयार कराने में भी शामिल था

जांच में यह भी सामने आया है कि अमित शर्मा ने रोहित गोदारा को विदेश में रुकवाने की पूरी व्यवस्था खुद की थी वह श्रीगंगानगर जिले का रहने वाला है और वर्ष 2021 में वह अपने पासपोर्ट पर विदेश गया लेकिन बाद में फर्जी दस्तावेज बनवाकर अलग अलग देशों में घूमता रहा और आखिरकार अमेरिका पहुंच गया जहां से वह गैंग के लिए फाइनेंसिंग, हथियारों की खरीद और ड्रग्स नेटवर्क के संचालन में शामिल रहा

एडीजी दिनेश एमएन ने बताया कि राजस्थान में उसके खिलाफ चार मामलों में चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है और कई अन्य मामलों में जांच जारी है अमित शर्मा की गिरफ्तारी से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फैले लॉरेंस विश्नोई और रोहित गोदारा गैंग के नेटवर्क पर बड़ा वार हुआ है और अब भारत की एजेंसियां उसके प्रत्यर्पण की प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ा रही हैं ताकि उसे देश वापस लाकर पूछताछ की जा सके