हरियाणा में तेल टैंकर में ब्लास्ट, राहगीर घायल, अफरातफरी
अंबाला के चंडीगढ़ रोड पर तेल के टैंकर में जोरदार धमाका हुआ। दो राहगीर घायल हुए। एक को PGI रेफर किया गया, दूसरे का नागरिक अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस जांच कर रही है।
-
अंबाला में चलते तेल के टैंकर में तेज धमाका, दो राहगीर गंभीर रूप से घायल
-
टैंकर के लोहे के परखच्चे 200 मीटर दूर तक जाकर गिरे
-
एक घायल PGI रेफर, दूसरा अंबाला नागरिक अस्पताल में उपचाराधीन
अंबाला में आज चंडीगढ़ रोड पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक एक तेल के टैंकर में जोरदार धमाका हो गया। धमाका इतना तेज था कि टैंकर के परखच्चे उड़ गए और उसका लोहे का ढक्कन व चादर 200 मीटर दूर जाकर गिरे। हादसे में दो राहगीर गंभीर रूप से घायल हो गए।
धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। इसके बाद डायल 112 पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद एक घायल को PGI रेफर कर दिया गया, जबकि दूसरा अंबाला शहर नागरिक अस्पताल में भर्ती है और उसका इलाज जारी है।
घायल व्यक्ति ने बताया कि वह बाइक से जा रहा था, तभी जोरदार धमाका हुआ और कोई भारी वस्तु आकर उससे टकरा गई। इससे वह सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने उसकी मदद की और पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उन्हें तेल टैंकर में ब्लास्ट होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया गया और घायलों को तुरंत उपचार के लिए भेजा गया। उन्होंने कहा कि ब्लास्ट के कारणों की जांच की जा रही है।
अंबाला नागरिक अस्पताल की RMO ने जानकारी देते हुए कहा कि तेल के टैंकर ब्लास्ट में घायल दो राहगीरों को अस्पताल लाया गया था। उनमें से एक की हालत गंभीर होने पर उसे PGI रेफर किया गया है, जबकि दूसरे का इलाज यहीं चल रहा है।
घटना के बाद चंडीगढ़ रोड पर काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है।
Author1