हरियाणा में 1.90 करोड़ ठगी में BJP नेता अरेस्ट: GRP की रेड

अंबाला कैंट में 1.90 करोड़ रुपए की ठगी मामले में GRP और बिहार STF ने संयुक्त कार्रवाई कर पूर्व भाजपा जिला प्रवक्ता समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया.

हरियाणा में  1.90 करोड़ ठगी में BJP नेता अरेस्ट: GRP की रेड


➤ अंबाला कैंट में 1.90 करोड़ की ठगी मामले में बड़े गिरोह का पर्दाफाश
➤ अंबाला GRP और बिहार STF की संयुक्त कार्रवाई, पूर्व भाजपा जिला प्रवक्ता गिरफ्तार
➤ छापेमारी में नकदी, सोने के जेवर और लग्जरी कार बरामद


अंबाला कैंट में 1 करोड़ 90 लाख रुपए की ठगी के मामले में रेलवे पुलिस GRP ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित ठगी गिरोह का पर्दाफाश किया है। अंबाला जीआरपी और बिहार STF की संयुक्त टीम ने बिहार के समस्तीपुर जिले में छापेमारी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में भाजपा के पूर्व जिला प्रवक्ता पंकज कुमार लाल भी शामिल है।

पंजाब निवासी जोशी नामक व्यक्ति ने अंबाला कैंट जीआरपी थाना में शिकायत दी थी कि रुपए डबल करने और कर्ज पर भारी मुनाफा दिलाने के नाम पर उससे 1 करोड़ 90 लाख रुपए ठग लिए गए। आरोपियों ने पहले रकम को दोगुना दिखाकर भरोसा जीता और बाद में पूरी राशि हड़प ली।

एसपी रेलवे नितिका गहलोत के निर्देश पर GRP प्रभारी हरीश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। तकनीकी इनपुट के आधार पर टीम ने दलसिंहसराय अनुमंडल क्षेत्र के अजनौल गांव में मंगलवार रात दबिश दी। इस दौरान मुख्य आरोपी पंकज कुमार लाल के साथ उसके दो सहयोगी कौशल और रजनीश को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि कौशल और रजनीश भोले-भाले लोगों को झांसे में लेकर फंसाते थे, जबकि पंकज कुमार लाल पूरे गिरोह का मास्टरमाइंड था। छापेमारी के दौरान पुलिस टीम आरोपियों की आलीशान कोठी और लग्जरी गाड़ियों को देखकर हैरान रह गई।

रेड के दौरान पुलिस ने 6 लाख रुपए नकद, करीब 30 लाख रुपए के सोने के जेवर और एक सफेद रंग की लग्जरी इनोवा कार बरामद की है। पुलिस को यह भी पता चला है कि पंकज समस्तीपुर में रेल नीर की सप्लाई और रिक्शा एजेंसी का संचालन करता था। ठगी की रकम से उसने अजनौल गांव में करीब 3 करोड़ रुपए की लागत से एक भव्य मकान का निर्माण भी शुरू करवाया था।

बिहार पुलिस अधिकारियों के अनुसार पंकज कुमार लाल जाली नोटों के धंधे से भी जुड़ा रहा है। आरोप है कि वह 30 हजार रुपए लेकर 1 लाख रुपए के नकली नोट देता था। हरियाणा में रुपए दोगुना करने के नाम पर ठगी और बाद में लूट की एक घटना में भी उसकी संलिप्तता सामने आई है।

जीआरपी ने बरामद की गई संपत्ति को जब्त कर लिया है। तीनों आरोपियों को स्थानीय अदालत से ट्रांजिट रिमांड पर लेकर अंबाला लाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में इस गिरोह से जुड़े अन्य बड़े नामों और कई ठगी मामलों का खुलासा हो सकता है।