“ये कैसे JE हैं, जिनकी जेब में इंची टेप ही नहीं होता, ठेकेदार से इंची टेप मांग रहे...अब हरियाणा में जेई को रखना होगा इंचीटेप!

अंबाला में निर्माणाधीन पुलिस भवनों के निरीक्षण के दौरान HPHC चेयरमैन आलोक मित्तल इंची टेप न होने पर JE पर भड़क गए। उन्होंने 30 जून तक काम पूरा करने के निर्देश दिए।

“ये कैसे JE हैं, जिनकी जेब में इंची टेप ही नहीं होता, ठेकेदार से इंची टेप मांग रहे...अब  हरियाणा में जेई को रखना होगा इंचीटेप!
  • इंची टेप न होने पर JE पर भड़के HPHC चेयरमैन आलोक मित्तल
  • कहा- ठेकेदार से नहीं, जेब में होनी चाहिए इंची टेप
  • अंबाला में निर्माणाधीन पुलिस भवनों के निरीक्षण के दौरान हुआ वाकया


हरियाणा के सीनियर IPS अधिकारी और हरियाणा पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन (HPHC) के चेयरमैन आलोक मित्तल अंबाला दौरे के दौरान इंची टेप को लेकर जूनियर इंजीनियर पर भड़क गए। निर्माणाधीन बिल्डिंग के निरीक्षण के दौरान जब उन्होंने JE से इंची टेप मांगी, तो जवाब मिला कि वह ठेकेदार से लेकर आता है।

यह सुनते ही आलोक मित्तल नाराज हो गए। उन्होंने मौके पर ही कहा कि “ये कैसे JE हैं, जिनकी जेब में इंची टेप ही नहीं होता। ठेकेदार से इंची टेप मांग रहे हैं। ये तो आपकी बॉडी का हिस्सा होना चाहिए। ये आपका असलहा है। सबको ये निर्देश जारी करो।” इस पूरी बातचीत का वीडियो भी सामने आया है, जो अब चर्चा में है।

HPHC चेयरमैन आलोक मित्तल 8 जनवरी को अंबाला विजिट पर आए थे। इस दौरान उन्होंने बैंक स्क्वायर और महेश नगर थाना की निर्माणाधीन इमारतों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने भवनों की गुणवत्ता, प्रगति और सुविधाओं को लेकर अधिकारियों से विस्तार से जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान मित्तल ने दोनों इमारतों में सोलर प्लांट लगाने को लेकर भी सवाल किए। इसी बीच इंची टेप वाला मामला सामने आया, जिस पर उन्होंने JE को कड़ी नसीहत दी। उनका साफ कहना था कि इंजीनियरों को मौके पर हर जरूरी औजार अपने पास रखना चाहिए, ताकि काम की गुणवत्ता पर कोई समझौता न हो।

निरीक्षण के बाद आलोक मित्तल ने कहा कि निर्माण कार्य तय लक्ष्य से पीछे चल रहा है। उन्होंने इंजीनियरों और अधिकारियों से बातचीत कर काम में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। मित्तल ने स्पष्ट किया कि 30 जून तक निर्माण कार्य पूरा किया जाएगा

उन्होंने कहा कि फिलहाल महेश नगर पुलिस थाना जिस भवन में चल रहा है, वहां कई दिक्कतें हैं। इसलिए प्राथमिकता के आधार पर नई और बेहतर बिल्डिंग तैयार कर पुलिस विभाग को सौंपा जाएगा

आलोक मित्तल 1993 बैच के IPS अधिकारी हैं। पुलिस सेवा में आने से पहले उन्होंने करीब एक साल तक जमशेदपुर में टाटा मोटर्स में नौकरी की थी। उन्होंने वर्ष 2007 में फरीदाबाद में देश की पहली महिला PCR की शुरुआत की थी। उन्हें पुलिस की ग्राउंड पोस्टिंग का लंबा अनुभव है और वे एनआईए में भी सेवाएं दे चुके हैं

आलोक मित्तल हरियाणा के DGP पद की दौड़ में भी शामिल रहे। सरकार द्वारा IPS ओपी सिंह के रिटायरमेंट के बाद जो पैनल भेजा गया था, उसमें उनका नाम भी शामिल था। हालांकि सरकार ने 1992 बैच के IPS अधिकारी अजय सिंघल को DGP नियुक्त किया। बावजूद इसके, मित्तल का प्रशासनिक और फील्ड अनुभव उन्हें लगातार चर्चा में बनाए रखता है।