बिग बी के कुर्ते पर गिरा 4 गिलास पानी,अक्षय ने KBC में सुनाया पुराना किस्सा
अक्षय कुमार ने केबीसी में अमिताभ बच्चन से जुड़ा पुराना किस्सा सुनाया, जब फैन ने उत्साह में उनके कुर्ते पर चार गिलास पानी गिरा दिया था।
अमिताभ बच्चन को देखकर फैन इतना उत्साहित हुआ कि चार गिलास पानी कुर्ते पर गिरा दिया
➤ अक्षय कुमार ने लोखंडवाला वाले घर का पुराना किस्सा केबीसी में किया साझा
➤ बिग बी को फिट आने के लिए अक्षय को अपना कुर्ता देना पड़ा
बॉलीवुड सुपरस्टार अक्षय कुमार और सैफ अली खान इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ‘हैवान’ के प्रमोशन में व्यस्त हैं। इसी सिलसिले में दोनों कलाकार कौन बनेगा करोड़पति के सेट पर पहुंचे। शो के दौरान अक्षय कुमार ने अमिताभ बच्चन से जुड़ा एक ऐसा पुराना किस्सा साझा किया, जिसे सुनकर वहां मौजूद सभी लोग हंस पड़े। यह वाकया उस समय का है, जब अमिताभ बच्चन अक्षय के मुंबई स्थित लोखंडवाला वाले घर पहुंचे थे।
जब अमिताभ बच्चन को देखकर फैन हुआ बेकाबू
शो के एक सेगमेंट के दौरान अक्षय कुमार ने उस दौर को याद किया, जब वह लोखंडवाला में रहा करते थे। अक्षय ने बताया कि उनके घर पर काम करने वाला एक शख्स अमिताभ बच्चन का बहुत बड़ा फैन था। जब उसने पहली बार अमिताभ बच्चन को अपने सामने देखा तो उसकी खुशी और उत्साह का ठिकाना नहीं रहा।
अक्षय के मुताबिक, उस शख्स को अमिताभ बच्चन को पानी देना था। वहां पानी के तीन-चार गिलास रखे हुए थे। लेकिन जैसे ही उसने अमिताभ बच्चन को सामने देखा, वह इतना ज्यादा उत्साहित हो गया कि उससे कुछ संभाला नहीं गया।
बिग बी के कुर्ते पर गिरा चार गिलास पानी
अक्षय कुमार ने अमिताभ बच्चन को पूरा वाकया याद दिलाते हुए बताया कि उनके घर पर काम करने वाला वह लड़का इलाहाबाद का था। अमिताभ बच्चन को सामने देखकर उसे यकीन ही नहीं हो रहा था कि वह सच में अमिताभ बच्चन को पानी का गिलास दे रहा है।
अक्षय ने बताया कि वह लड़का पानी लेकर अमिताभ बच्चन के पास पहुंचा। वहां चार गिलास पानी रखे हुए थे। उत्साह में उसने एक-एक करके संभालने के बजाय चारों गिलास का पानी अमिताभ बच्चन के कुर्ते पर गिरा दिया। वह इतना हैरान और घबराया हुआ था कि उसे ठीक से दिखाई तक नहीं दे रहा था।
अक्षय को देना पड़ा अपना कुर्ता
इस घटना के बाद अक्षय कुमार खुद सोच में पड़ गए कि अब क्या होगा। उन्होंने बताया कि अमिताभ बच्चन काफी लंबे हैं और ऐसे में उनके लिए कपड़े की व्यवस्था करना भी आसान नहीं था। आखिरकार अक्षय को अपना कुर्ता अमिताभ बच्चन को देना पड़ा, ताकि वह उन्हें फिट आ सके।
अक्षय ने यह किस्सा अमिताभ बच्चन से बातचीत के दौरान साझा किया। पुरानी याद सामने आते ही अमिताभ बच्चन भी हंस पड़े और शो में मौजूद सभी लोग इस मजेदार घटना को सुनकर ठहाके लगाने लगे। अक्षय का यह किस्सा यह भी दिखाता है कि बड़े सितारों से जुड़ी यादें कभी-कभी कितनी दिलचस्प और यादगार बन जाती हैं।
13 साल बाद साथ नजर आएंगे अक्षय और सैफ
अक्षय कुमार और सैफ अली खान इन दिनों ‘हैवान’ को लेकर चर्चा में हैं। प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी इस फिल्म में दोनों कलाकार एक बार फिर साथ नजर आने वाले हैं।
दोनों की जोड़ी को आखिरी बार साल 2008 में रिलीज हुई फिल्म ‘टशन’ में देखा गया था। यानी करीब 18 साल बाद दोनों कलाकार एक बार फिर पर्दे पर साथ दिखाई देंगे। ‘हैवान’ 11 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
Akhil Mahajan