महेंद्रगढ़ में अजय चौटाला का भड़काऊ भाषण- युवाओं से शासकों को सड़कों पर पीटने की अपील
महेंद्रगढ़ में जजपा सुप्रीमो अजय चौटाला ने मंच से विवादित बयान दिया। युवाओं से शासकों को गद्दी से उतारने और सड़कों पर दौड़ाने की बात कही।
- महेंद्रगढ़ में अजय चौटाला का विवादित भाषण
- युवाओं से शासकों को सड़कों पर दौड़ाने की बात
- नेपाल, श्रीलंका और बांग्लादेश के उदाहरण दिए
महेंद्रगढ़। जजपा सुप्रीमो अजय चौटाला एक बार फिर विवादित बयान को लेकर चर्चा में आ गए हैं। महेंद्रगढ़ के ढांगड़ा चौक पर आयोजित युवा योद्धा कार्यक्रम के दौरान मंच से बोलते हुए अजय चौटाला ने युवाओं को संबोधित करते हुए भड़काऊ भाषा की चर्चा है।
अजय चौटाला ने कहा कि नौजवान तैयार रहें और मौका आने पर शासकों को गद्दी से उतारकर सड़कों पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि नेपाल, श्रीलंका और बांग्लादेश में युवाओं ने इसी तरह सरकारों का तख्तापलट किया और शासकों को देश छोड़ने पर मजबूर कर दिया।
अपने भाषण में अजय चौटाला ने युवाओं से संगठित होने की अपील की। उन्होंने कहा कि जब युवा एकजुट होते हैं, तभी कु-शासन से पीछा छूटता है। उन्होंने आरोप लगाया कि पड़ोसी देशों में युवाओं ने सरकारों को हटाकर यह साबित कर दिया कि ताकत संगठित युवाओं के हाथ में होती है।
अजय चौटाला ने हरियाणा की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश का मुखिया अपनी मौज में मस्त है और सुशासन के दावे किए जा रहे हैं, जबकि पिछले सवा साल में व्यवस्था बिगड़ने का काम हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि गुंडा किस्म के लोग व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों को धमका रहे हैं और प्रदेश को दोनों हाथों से लूटा जा रहा है।
यह बयान 28 दिसंबर को दिए गए उस भाषण का हिस्सा है, जब अजय चौटाला महेंद्रगढ़ में जजपा के युवा योद्धा कार्यक्रम में पहुंचे थे। कार्यक्रम में युवाओं को सम्मानित किया जाना था। इस दौरान मंच पर राष्ट्रीय महासचिव दिग्विजय चौटाला और सिंगर फाजिलपुरिया भी मौजूद रहे।
अजय चौटाला के इस भाषण के बाद राजनीतिक हलकों में तीखी प्रतिक्रिया की संभावना जताई जा रही है, क्योंकि बयान में हिंसा और सत्ता परिवर्तन को लेकर सीधे तौर पर उकसावे की भाषा इस्तेमाल की गई है।
Akhil Mahajan