आदित्य चौटाला का हुड्डा पर वार, कहा भाजपा के कहने पर बने सीएलपी लीडर

इनेलो विधायक आदित्य चौटाला ने रोहतक में कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि हुड्डा भाजपा के इशारे पर सीएलपी लीडर बने हैं। 25 सितंबर की रैली को रिकॉर्ड तोड़ बताते हुए चौटाला ने दावा किया कि 2029 में अभय चौटाला सीएम होंगे।

आदित्य चौटाला का हुड्डा पर वार, कहा भाजपा के कहने पर बने सीएलपी लीडर

आदित्य चौटाला ने भूपेंद्र हुड्डा पर साधा निशाना कहा भाजपा के इशारे पर बने सीएलपी लीडर
25 सितंबर की रोहतक रैली को बताया रिकॉर्ड तोड़ राजनीतिक हवा का रुख बदला
इनेलो में युवाओं का जुड़ना शुरू 2029 में अभय चौटाला को मुख्यमंत्री बताया भविष्य का चेहरा



रोहतक/डबवाली। इनलो विधायक आदित्य चौटाला ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि हुड्डा को सीएलपी लीडर भाजपा के कहने पर बनाया गया है। चौटाला ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और भाजपा की मिलीभगत अब किसी से छिपी नहीं है, लोग समझ चुके हैं कि किस तरह भूपेंद्र हुड्डा और उनके बेटे दीपेंद्र हुड्डा भाजपा की गोदी में बैठकर सरकार बनवाने में शामिल थे।

आदित्य चौटाला बुधवार को युवा इनेलो नेता मनजीत कन्हेली के फार्म हाउस पर पहुंचे थे। यहां उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि 25 सितंबर को रोहतक में चौधरी देवीलाल की जयंती पर आयोजित रैली ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। इस रैली के बाद हरियाणा की राजनीति की दिशा बदल गई है और अब राज्य की जनता इनेलो के साथ खड़ी नजर आ रही है। उन्होंने दावा किया कि आने वाला समय पूरी तरह से इनेलो का होगा और 2029 में अभय चौटाला प्रदेश के मुख्यमंत्री होंगे।

भूपेंद्र हुड्डा पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा के दबाव के चलते ही कांग्रेस ने उन्हें सीएलपी लीडर बनाया है। चौटाला ने कहा कि कांग्रेस और भाजपा के नेताओं की मिलीभगत से ही प्रदेश में अब तक की राजनीति चल रही है। लेकिन जनता अब सबकुछ समझ चुकी है और भाजपा-कांग्रेस से मोहभंग हो चुका है।

इनेलो विधायक ने कहा कि संपत सिंह जैसे वरिष्ठ और अनुभवी नेता पार्टी के लिए संपत्ति साबित होंगे। चौटाला ने कहा कि संपत सिंह चौधरी देवीलाल का सम्मान करने वाले नेता हैं और अगर वे पार्टी में आते हैं तो इसका लाभ पूरे समाज को मिलेगा।

उन्होंने कहा कि आज इनेलो में युवाओं का जुड़ाव बढ़ रहा है। रैली के बाद जो माहौल बना है, उससे साफ है कि लोग जात-पात की राजनीति से हटकर इनेलो की नीतियों पर भरोसा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा सरकार को हराना है तो सभी विपक्षी दलों और समाज के नेताओं को एक प्लेटफार्म पर आना होगा।