जंतर-मंतर पहुंचे CJP फाउंडर अभिजीत दीपके, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
CJP फाउंडर अभिजीत दीपके दिल्ली के जंतर-मंतर पहुंच गए हैं। NEET पेपर लीक और परीक्षा गड़बड़ियों के विरोध में पार्टी का पहला बड़ा प्रदर्शन आयोजित किया जा रहा है।
- CJP फाउंडर अभिजीत दीपके जंतर-मंतर पहुंचे, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
- अमेरिका से दिल्ली पहुंचे अभिजीत ने हाथ में अंबेडकर की किताब लेकर दिया संदेश
- NEET पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ियों के विरोध में CJP का पहला बड़ा प्रदर्शन
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके शनिवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पहुंच गए। यहां वे केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन का नेतृत्व करेंगे। यह CJP का पहला बड़ा सार्वजनिक प्रदर्शन माना जा रहा है, जिसने पिछले कुछ सप्ताह में सोशल मीडिया पर तेजी से पहचान बनाई है।
अभिजीत दीपके शनिवार सुबह करीब 7:45 बजे अमेरिका से दिल्ली पहुंचे। एयरपोर्ट पहुंचने के बाद वे करीब एक घंटे तक अंदर ही रहे। हालांकि उनके बाहर आने में देरी की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी। एयरपोर्ट से बाहर निकलते समय उन्होंने हाथ में डॉ. भीमराव अंबेडकर की पुस्तक उठाकर समर्थकों को संदेश दिया।
दिल्ली के जंतर-मंतर पर आयोजित यह प्रदर्शन NEET-UG पेपर लीक, CBSE, CUET और SSC-GD समेत विभिन्न परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ किया जा रहा है। पार्टी का कहना है कि लाखों छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ हुआ है और इसकी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।
Cockroach Party Zindabad!
Thousands of protesters begin arriving at Jantar Mantar to demand the resignation of Dharmendra Pradhan.
Are you at Jantar Mantar?
Tag us in your pictures and videos with #cjpprotest pic.twitter.com/nzoSUQYJeB — Cockroach is Back (@Cockroachisback) June 6, 2026
एयरपोर्ट से बाहर निकलते ही अभिजीत दीपके ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को लेकर देशभर के छात्र परेशान हैं। उन्होंने दावा किया कि विभिन्न घटनाओं के कारण छात्रों में निराशा बढ़ी है और इसी वजह से शिक्षा मंत्री को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए।
इस बीच दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी है। प्रदर्शन स्थल पर बड़ी संख्या में पुलिस बल और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है ताकि कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके।
CJP ने प्रदर्शन में शामिल होने वाले समर्थकों के लिए विशेष गाइडलाइन भी जारी की है। पार्टी ने समर्थकों से शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करने, हाथ में तिरंगा, किताब और फूल लेकर आने की अपील की है। साथ ही धूप से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने को भी कहा गया है।
पार्टी के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने इस दिन को भारतीय राजनीति के लिए महत्वपूर्ण बताया। उनका कहना है कि युवाओं, छात्रों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों की आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने का प्रयास किया जा रहा है।
गौरतलब है कि कॉकरोच जनता पार्टी की शुरुआत मई महीने में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हुई थी। देखते ही देखते यह अभियान लाखों युवाओं तक पहुंच गया और बेरोजगारी, परीक्षा प्रणाली तथा शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर चर्चा का विषय बन गया।
Akhil Mahajan