जंतर-मंतर पर CJP का शक्ति प्रदर्शन, अभिजीत बोले- हमें मिटाया नहीं जा सकता
जंतर-मंतर पर CJP के पहले बड़े प्रदर्शन में अभिजीत दीपके ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पोस्ट हट सकती हैं, लेकिन आंदोलन को खत्म नहीं किया जा सकता।
- जंतर-मंतर पर CJP का पहला बड़ा शक्ति प्रदर्शन, हजारों छात्र-युवा जुटे
- अभिजीत दीपके बोले- सरकार पोस्ट हटा सकती है, लेकिन हमें मिटा नहीं सकती
- शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर आंदोलन तेज
नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर शनिवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का पहला बड़ा सार्वजनिक प्रदर्शन देखने को मिला। NEET पेपर लीक, CBSE, CUET, SSC-GD समेत विभिन्न परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर हजारों छात्र, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थी और युवा सड़कों पर उतरे। प्रदर्शन का नेतृत्व पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने किया।
शनिवार सुबह अमेरिका से दिल्ली पहुंचे अभिजीत दीपके एयरपोर्ट से सीधे जंतर-मंतर पहुंचे। मंच से संबोधित करते हुए उन्होंने केंद्र सरकार और शिक्षा व्यवस्था पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार सोशल मीडिया पोस्ट हटवा सकती है, अकाउंट बंद करवा सकती है, लेकिन युवाओं की आवाज और आंदोलन को खत्म नहीं कर सकती।
अभिजीत दीपके ने कहा कि पिछले एक महीने से उनकी मांग स्पष्ट है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए। उनका आरोप था कि सरकार छात्रों के सवालों का जवाब देने के बजाय सोशल मीडिया अकाउंट और पोस्ट को निशाना बनाने में लगी हुई है।
उन्होंने कहा कि यह आंदोलन किसी एक व्यक्ति का नहीं बल्कि देशभर के छात्रों और युवाओं की आवाज है। उन्होंने मंच से कहा कि यह लड़ाई लंबी है और आंदोलन किसी भी दबाव में पीछे नहीं हटेगा। उन्होंने दावा किया कि देश का छात्र और युवा अब जाग चुका है और अपने अधिकारों के लिए आवाज उठा रहा है।
अपने संबोधन के दौरान अभिजीत ने कहा कि वह इस आंदोलन के लिए अपनी आजादी तक कुर्बान करने को तैयार थे। उन्होंने समर्थकों से अपील की कि आंदोलन को पूरी तरह शांतिपूर्ण, संवैधानिक और अनुशासित रखा जाए। उन्होंने लोगों से किताब और तिरंगा लेकर आने का आह्वान किया तथा पुलिसकर्मियों का सम्मान करने की बात कही।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र, युवा और अभिभावक शामिल हुए। कई लोग अपने परिवार के साथ जंतर-मंतर पहुंचे। इस दौरान शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर नारेबाजी भी की गई। पार्टी का दावा है कि प्रदर्शन में हजारों लोग शामिल हुए।
प्रदर्शन के दौरान एक व्यक्ति कथित तौर पर HIT स्प्रे लेकर विरोध दर्ज कराने पहुंचा। हालांकि प्रदर्शनकारियों ने उसे मंच और भीड़ से दूर कर दिया। घटना के बाद कुछ समय के लिए हलचल का माहौल बना, लेकिन स्थिति जल्द सामान्य हो गई।
इस बीच सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने भी आंदोलन को समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि छात्रों की बात सुनी जानी चाहिए। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार उन्होंने यह भी कहा कि यदि अभिजीत दीपके को गिरफ्तार किया जाता है तो वह विरोध स्वरूप उपवास करेंगे।
पिछले कुछ सप्ताह में सोशल मीडिया पर तेजी से लोकप्रिय हुई कॉकरोच जनता पार्टी अब डिजिटल प्लेटफॉर्म से निकलकर सड़कों तक पहुंच चुकी है। जंतर-मंतर पर हुए इस प्रदर्शन को संगठन के लिए पहला बड़ा राष्ट्रीय शक्ति प्रदर्शन माना जा रहा है।
अभिजीत दीपके ने जंतर-मंतर से क्या-क्या कहा?
• सरकार सोशल मीडिया पोस्ट हटा सकती है, लेकिन हमें खत्म नहीं कर सकती।
• एक महीने से हम शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।
• सरकार कार्रवाई करने के बजाय अकाउंट हैक और पोस्ट डिलीट कराने में लगी है।
• यह लड़ाई लंबी है और हम पीछे हटने वाले नहीं हैं।
• देश का छात्र और युवा नहीं बिका है।
• मैं इस आंदोलन के लिए अपनी आजादी कुर्बान करने को भी तैयार था।
• आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण और अनुशासित रहेगा।
• किताब और तिरंगा लेकर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखें।
• पुलिसकर्मियों का सम्मान करें और उन्हें फूल देकर धन्यवाद दें।
Akhil Mahajan