हरियाणा में आपदा से निपटने के लिए सेना की एंट्री, बहादुरगढ़ में 80 जवान तैनात
हरियाणा में बारिश और नदियों के उफान से हालात गंभीर। बहादुरगढ़ में सेना के 80 जवान तैनात, हिसार में सड़क धंसी, कुरुक्षेत्र में युवक लापता और फतेहाबाद में मकान गिरने से एक की मौत।
➤ हरियाणा में बाढ़ का खतरा, बहादुरगढ़ में सेना के 80 जवान तैनात
➤ हिसार में सड़क धंसी, कई हाईवे डूबे, कुरुक्षेत्र में युवक लापता
➤ फतेहाबाद में मकान की छत गिरी, एक की मौत; 8 ट्रेनें 15 अक्टूबर तक रद्द
हरियाणा में लगातार बारिश और नदियों के उफान से बाढ़ का खतरा गंभीर होता जा रहा है। प्रदेश में पहली बार सेना की मदद ली गई है। शुक्रवार को सेना के 80 जवान झज्जर जिले के बहादुरगढ़ पहुंचे, जहां मुंगेशपुर ड्रेन के ओवरफ्लो होने और लगातार बारिश से हालात बिगड़ गए थे। जलभराव से निपटने और राहत कार्यों के लिए सेना की तैनाती की गई है। SDM नसीब कुमार ने बताया कि सेना की मौजूदगी से बचाव कार्यों में तेजी लाई जाएगी।
फरीदाबाद में यमुना, सिरसा में घग्गर, कुरुक्षेत्र में मारकंडा और अंबाला में टांगरी नदी अभी भी ओवरफ्लो हैं। हथिनीकुंड बैराज पर 106 घंटे बाद जलस्तर खतरे के निशान से नीचे आने पर फ्लड गेट नीचे किए गए और अब धीरे-धीरे पानी छोड़ा जा रहा है।
कुरुक्षेत्र के पिहोवा इलाके में मारकंडा नदी के पानी में अरुण कुमार (18) डूब गया, जिसकी तलाश जारी है। हिसार जिले के धिकताना गांव में 10 फीट तक सड़क धंस गई और सिंघवा माइनर टूटने से हालात बिगड़ गए। हिसार-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे-52, कोटपूतली-बठिंडा हाईवे 148बी और दिल्ली-हिसार नेशनल हाईवे पर 2 फीट तक पानी भर गया। सिरसा में घग्गर नदी उफान पर है।
अंबाला में कई दिन की लगातार बरसात के बाद मौसम साफ होने पर हिमाचल के बर्फीले पहाड़ साफ दिखाई दिए। उधर, फरीदाबाद के कबूलपुर गांव में पानी से घिरी 9 महीने की गर्भवती महिला को हेल्पलाइन नंबर के जरिए रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।
फतेहाबाद के गांव मंघेड़ा में एक मकान की छत गिरने से परिवार के मुखिया की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा सोते समय हुआ, जब दीवार अचानक गिर गई।
इधर, जम्मू-कश्मीर और पंजाब में बाढ़ के चलते रेलवे ने 15 अक्टूबर तक आठ ट्रेनों को रद्द कर दिया है। ये ट्रेनें सिरसा, हिसार, राजस्थान और गुजरात से होकर गुजरती हैं।